- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- मागाठाणे में देखने को मिलेगा...
Mumbai News: मागाठाणे में देखने को मिलेगा त्रिकोणीय मुकाबला, जानिए मैदान में कौन-कौन हैं

- शिंदे गुट से प्रकाश सुर्वे, उद्धव गुट से उदेश पाटेकर और मनसे से नयन कदम मैदान में
- पिछले चुनाव में थी कांटे की टक्कर
Mumbai News : मागाठाणे विधानसभा सीट शिवसेना के दोनों गुटों के बीच मुकाबले को लेकर सुर्खियों में है। साल 2008 में परिसीमन के बाद यह सीट अस्तित्व में आई। साल 2009 में इस सीट से पहली बार महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के उम्मीदवार प्रवीण दरेकर ने जीत हासिल की। पर बीते दो चुनाव में इस सीट से शिवसेना (अविभाजित) के प्रकाश सुर्वे जीतते आ रहे हैं। इस बार शिंदे गुट के प्रकाश सुर्वे का मुकाबला उद्धव गुट के उदेश पाटेकर से है। वहीं मनसे ने इस सीट से नयन कदम को चुनाव मैदान में उतारा है। सुर्वे ने पिछला विधानसभा चुनाव इस सीट से 49 हजार 146 मतों से जीता था। मागाठाणे में इस बार त्रिकोणीय मुकाबला देखने काे मिल सकता है।
पिछले चुनाव पर एक नजर (2019)
प्रमुख उम्मीदवारों को मिले मत
प्रकाश सुर्वे (शिवसेना, अविभाजित) 90,206
नयन कदम (मनसे) 41,060
मणिशंकर चौहान (राकांपा) 7339
नोटा 4849
जीत का अंतर 49146
सुर्वे, पाटेकर और कदम के क्या हैं वादे
शिवसेना (शिंदे) उम्मीदवार प्रकाश सुर्वे का मानना है कि पिछले 10 वर्षों में उन्होंने मागाठाणे की जनता के लिए 1000 बेड के अस्पताल का काम शुरू कराया है। इसके अलावा मागाठाणे से ठाणे जाने के लिए 24 हजार करोड़ की लागत से बोरीवली नेशनल पार्क के नीचे से सड़क प्रोजेक्ट शुरू करने में सफलता हासिल की है। वहीं सुदेश पाटेकर का कहना है कि पिछले 10 साल में लोग जिस झोपड़पट्टी में रहते थे, आज भी वहीं रहने को मजबूर हैं। वहीं नयन कदम का कहना है कि मागाठाणे की जनता शिवसेना गुट के दोनों उम्मीदवारों को चुनाव में बाहर का रास्ता दिखाने जा रही है।
क्या है मतदाताओं का समीकरण
टूट के बाद शिवसेना के दोनों गुट पहली बार चुनाव मैदान में आमने-सामने हैं। यहां मराठी वोटरों का दबदबा माना जाता है। यही कारण है कि इस चुनाव में जीत और हार का फैसला मराठी वोटरों के हाथ में ही होगा। चुनावी आंकड़े बताते हैं कि इस सीट पर मनसे का भी अच्छा खासा प्रभाव है। पिछले विधानसभा चुनाव में मनसे के नयन कदम ने प्रकाश सुर्वे के सामने चुनाव लड़ते हुए 41 हजार से ज्यादा वोट हासिल किए थे। इस चुनाव में मनसे फैक्टर काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Created On :   17 Nov 2024 6:57 PM IST