- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- दो दिन में दूसरी बार शाह से अकेले...
Mumbai News: दो दिन में दूसरी बार शाह से अकेले मिले शिंदे, अजित से नाराजगी की चर्चा

- शाह ने शिंदे को भरोसा दिया नहीं होगा कोई अन्याय
- अमित शाह से अकेले में एकनाथ शिंदे ने की मुलाकात
Mumbai News. महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं शिवसेना (शिंदे) प्रमुख एकनाथ शिंदे ने रविवार को केंद्रीय गृहमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह से लगातार दूसरे दिन मुलाकात की। सूत्रों का कहना है कि शिंदे और शाह के बीच इस मुलाकात में एक बार फिर से राज्य के वित्त विभाग द्वारा शिंदे के मंत्रियों के विभागों की फाइलों में रोड़ा अटकाने को लेकर बात हुई। मुलाकात में शाह ने शिंदे को भरोसा दिया है कि वह महायुती के अहम सदस्य हैं, इसलिए उनके साथ कोई अन्याय नहीं होगा। बता दें कि शनिवार को भी शिंदे ने शाह से इसी मुद्दे को लेकर मुलाकात की थी। हालांकि उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने एक बार फिर साफ किया है कि मीडिया में चल रही खबरों में कोई सच्चाई नहीं है। मेरे और शिंदे के बीच पहले की तरह ही घनिष्ठ संबंध हैं।
क्या है मामला?
शिवसेना (शिंदे) के एक वरिष्ठ नेता ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि जब से मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने यह आदेश जारी किया है कि वित्त विभाग की सभी फाइलें एकनाथ शिंदे के पास होकर मुख्यमंत्री कार्यालय पहुंचेंगी। फडणवीस के इसी फैसले से अजित पवार नाराज हैं। दरअसल अजित अपने काम में किसी भी विभाग की दखलंदाजी नहीं चाहते हैं। यही कारण है कि उन्होंने मुख्यमंत्री के आदेश के बावजूद पिछले सप्ताह शिंदे गुट के दो मंत्रियों की फाइलों को रोक दिया था। इस संबंध में शिंदे ने मुख्यमंत्री फडणवीस को भी जानकारी दी थी। लेकिन उसका कोई हल नहीं निकल सका। खबर है कि लगातार दूसरे दिन दूसरी बार मुलाकात में शिंदे ने यह मुद्दा शाह के सामने उठाया। शाह ने उन्हें भरोसा दिया है कि शिंदे गुट महायुति का अहम हिस्सा है। इसलिए उनके साथ कोई भी अन्याय नहीं होगा। शिंदे गुट के इस नेता ने यह भी बताया कि शाह से मुलाकात में शिंदे ने कहा कि रायगड जिले में शिवसेना (शिंदे) का हमेशा से ही दबदबा रहा है। इसलिए वहां का पालकमंत्री हमारा ही होना चाहिए। शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री फडणवीस इस पर जल्द फैसला लेंगे।
अजित फिर बोले नहीं है शिंदे से नाराजगी
राकांपा (अजित) प्रमुख एवं उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने एक बार फिर शिंदे द्वारा गृहमंत्री अमित शाह से उनकी शिकायत को अफवाह बताया है। अजित ने कहा कि मुझे नहीं पता कि पत्रकारों को बैठक के भीतर की जानकारी कहां से पता लगती है। लेकिन मैं इतना बताना चाहता हूं कि उपमुख्यमंत्री शिंदे के मेरे साथ अच्छे संबंध हैं। तीनों ही दलों में समन्वय के साथ काम चल रहा है।
पहले हाथ झटका अब साथ झटकेंगे- राऊत
उधर शिवसेना (उद्धव) सांसद एवं मुख्य प्रवक्ता संजय राऊत ने एकनाथ शिंदे पर निशाना साधते हुए कहा कि शनिवार को रायगड में हुए कार्यक्रम के दौरान गृहमंत्री अमित शाह ने उनका हाथ झटक दिया था। ऐसे में अब शाह बहुत जल्द शिंदे का साथ भी झटकने वाले हैं। राऊत ने कहा कि बकरे को जल्द छाट दिया जाएगा।
शिंदे के फोन के बाद रायगड दौरा बीच में छोड़कर मुंबई पहुंचे गोगावले
उधर रविवार सुबह गृहमंत्री अमित शाह दिल्ली के लिए रवाना हुए तो उपमुख्यमंत्री शिंदे ने अपने मंत्री भरत गोगावले को रायगड का दौरा बीच में ही छोड़कर मुंबई पहुंचने को कहा। हालांकि शिंदे ने गोगावले को दौरा बीच में क्यों छोड़ने को कहा, इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है।
Created On :   13 April 2025 9:46 PM IST