दबिश: गड़चिरोली में 10 लाख के इनामी दो खूंखार नक्सली गिरफ्तार

गड़चिरोली में 10 लाख के इनामी दो खूंखार नक्सली गिरफ्तार
  • नक्सल खोज अभियान के दौरान नक्सलियों को पकड़ा
  • जंगल परिसर में 2 व्यक्ति संदेहास्पद स्थिति में घूम रहे थे
  • पूछताछ में खुली नक्सली होने की पोल

डिजिटल डेस्क, गड़चिरोली। जिला पुलिस विभाग के सुरक्षाबलों को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ आयी है। मंगलवार, 9 जुलाई को विशेष अभियान के दल के जवानों ने नक्सल खोज अभियान के दौरान 2 खूंखार नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार दोनों नक्सलियों पर महाराष्ट्र सरकार ने कुल 10 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था। गिरफ्तार नक्सलियों में 8 लाख रुपए इनामी भामरागढ़ तहसील के कवंडे निवासी एक्शन टीम कमांडर रवि मुरा पल्लो (33) और 2 लाख रुपए इनामी भामरागढ़ नक्सल दलम सदस्य दोबा कोरके वड्डे (31) का समावेश है। नवंबर 2023 में भामरागढ़ तहसील के पेनगुंडा में दिनेश गावडे नामक व्यक्ति की हत्या मामले में दोनों नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह अहेरी स्थित प्राणहिता पुलिस उपमुख्यालय के सी-60 कमांडोस भामरागढ़ तहसील के धोडराज पुलिस मदद केंद्र के तहत आने वाले जंगल परिसर में नक्सल खोज अभियान पर तैनात थे। इसी दौरान जंगल परिसर में 2 व्यक्ति संदेहास्पद स्थिति में पाये गये। जवानों ने इन दोनों व्यक्तियों काे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों नक्सली होने का स्पष्ट हुआ है। 8 लाख रुपए इनामी रवि पुल्लो के खिलाफ विभिन्न पुलिस थानों में कुल 8 गंभीर मामले दर्ज हैं जिसमें 1 मुठभेड़, 1 आगजनी, 3 हत्या, एक ब्लास्टिंग आदि मामलों का समावेश है। वहीं 2 लाख रुपए इनामी दोबा कोरके वड्डे के खिलाफ कुल 18 मामले दर्ज हैं। जिसमें 5 मुठभेड़, 7 हत्या और अन्य 6 मामलों का समावेश है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल, अहेरी के अपर पुलिस अधीक्षक एम. रमेश, पुलिस उपाधीक्षक (अभियान) विशाल नागरगोजे के मार्गदर्शन में प्राणहिता पुलिस उपमुख्यालय के सुरक्षाबलों ने की। इस कार्रवाई से एक बार फिर नक्सल आंदोलन को करारा झटका लगा है।

2022 से अब तक 81 नक्सली गिरफ्तार : विकास कार्यों में लगातार बाधाएं निर्माण कर रहे नक्सलियों का खात्मा करने के लिए गृह मंत्रालय ने सुरक्षाबलों को विशेष हथियार उपलब्ध कराए हैं। साथ ही नक्सलियों के खिलाफ जिले में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इन कार्रवाइयों में पुलिस जवानों को लगातार सफलता मिल रही है। वर्ष 2022 से अब तक सुरक्षाबलों ने कुल 81 नक्सलियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इस बीच नक्सलियों से हिंसक रास्ता छोड़ सम्मान से जीवन बीताने के लिए आत्मसमर्पण योजना के तहत समर्पण करने की अपील पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल ने की है।

Created On :   10 July 2024 10:50 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story