- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- गडचिरोली
- /
- अगरबत्ती प्रकल्प में ठगी का शिकार...
Gadchiroli News: अगरबत्ती प्रकल्प में ठगी का शिकार हुईं महिलाओं ने दी आत्मदाह की चेतावनी

Gadchiroli News तीन वर्ष पूर्व अगरबत्ती प्रकल्प के माध्यम से महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने संबंधित महिलाओं के नाम पर कर्ज उठाकर ठगी करने वाले चामोर्शी नगर पंचायत के पार्षद आशीष पिपरे और उनके साथियों के खिलाफ कानूनन कार्रवाई करने की मांग को लेकर अब तक प्रशासन के अधिकारियों को अनेक बार ज्ञापन सौंपे गए। लेकिन किसी तरह की कार्रवाई नहीं होने के कारण अब अन्यायग्रस्त महिलाओं ने न्याय न मिलने पर जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष अनशन और आत्मदाह करने की चेतावनी एक पत्र परिषद के माध्यम से दी है।
महिलाओं ने पत्रकारों को बताया कि, तीन वर्ष पूर्व पार्षद आशीष पिपरे और उनकी पत्नी सोनाली पिपरे ने उनके निवासस्थान में महिलाओं की एक बैठक ली। इस बैठक में पार्षद दंपति ने महिलाओं को अगरबत्ती प्रकल्प के संदर्भ में जानकारी दी। साथ ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का विश्वास भी दिया। पार्षद के कहने में आने के बाद महिलाओं ने बैंक के माध्यम से कर्ज लिया। कर्ज मंजूर होने के बाद किश्त के लिए महिलाओं को नोटिस भी आने लगे। लेकिन अगरबत्ती प्रकल्प की कोई मशीन किसी भी महिला को उपलब्ध नहीं करायी गयी।
इस कारण ठगी का शिकार होने वाली महिलाओं ने इसके पूर्व गड़चिरोली में पत्र परिषद का आयोजन कर जिलाधिकारी से मामले की शिकायत की। वहीं अन्य विभागों के अधिकारियों से भी न्याय की गुहार लगाई। लेकिन अब तक पार्षद दंपति के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई नहीं हो पायी है। इसी कारण गुरुवार को महिलाओं ने चामोंर्शी में पत्र परिषद का आयोजन कर न्याय न मिलने पर जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष अनशन और आत्मदाह करने की चेतावनी दी है। पत्र परिषद में कविता किरमे, मीनाक्षी पिपरे, छाया बोदलकर, रेखा गव्हारे, जयश्री पिपरे, निवृत्ता गव्हारे, अनिता पिपरे, भारती भांडेकर, शारदा पिपरे, साधना धोडरे समेत अन्य अन्यायग्रस्त महिलाएं उपस्थित थीं।
Created On :   11 April 2025 3:52 PM IST