- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- गडचिरोली
- /
- घोट फेडरेशन में हुए करोड़ों के धान व...
Gadchiroli News: घोट फेडरेशन में हुए करोड़ों के धान व बारदाना घोटाले की जांच ठंडे बस्ते में

Gadchiroli News चामोर्शी तहसील के घोट स्थित विकास सहकारी चावल गिरनी द्वारा वर्ष 2017-18 से वर्ष 2022-23 की कालावधि में धान खरीदी और बारदाना खरीदी में 1 करोड़ 92 लाख 28 हजार 963 रुपए की अनियमितता मार्केटिंग फेडरेशन द्वारा की गयी जांच में पायी गयी थी। इस जांच के बाद मार्केटिंग फेडरेशन की ओर से लगातार 10 बार नोटिस जारी कर अनियमितता की रकम विभाग को अदा करने निर्देश दिए गए। लेकिन चार महीने बीत जाने के बाद भी वसूली की कार्रवाई नहीं होने से विभाग की कार्यप्रणाली पर अब सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, घोट के विकास सहकारी सहकारी संस्था द्वारा वर्ष 2017 से 2023 की कालावधि में की गयी धान खरीदी में बड़े पैमाने पर अनियमितता होने की शिकायत संस्था के ही सदस्य तरूण धिरेन शाह ने की थी। इस संदर्भ में शाह ने वर्ष 2020 में इस मामले को लेकर जिलाधिकारी, राज्य के मुख्यमंत्री, नागपुर के आयकर विभाग और गड़चिरोली के पुलिस अधीक्षक से लिखित रूप में शिकायत की थी। इस मामले की जांच के बाद मार्केटिंग फेडरेशन ने सभी दस्तावेजों का अवलोकन किया।
संस्था द्वारा की गयी धान और बारदाना खरीदी की प्रक्रिया में 1 करोड़ 92 लाख 28 हजार 963 रुपए की अनियमितता पाये जाने का स्पष्ट हुआ है। इस बीच गड़चिरोली के मार्केटिंग फेडरेशन के अधिकारियों ने संस्था के पदाधिकारियों को लगातार 10 बार नोटिस देकर अनियमितता की रकम अदा करने की सूचना दी है। लेकिन इसे अब चार महीने की कालावधि पूर्ण हो रही है। लेकिन वसूली की कार्रवाई अब तक नहीं हो पायी है। मार्केटिंग फेडरेशन और संस्था पदाधिकारियों की मिलीभगत से ही यह कार्रवाई ठंडेबस्ते में होने का आरोप शिकायतकर्ता तरूण धीरेन शाह ने लगाया है।
जांच की जाएगी : इस मामले की कड़ी जांच कर दोषी पाये जाने पर संस्था के संबंधित पदाधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। -श्री. दुभे, मैनेजिंग डायरेक्टर, दी महाराष्ट्र स्टेट को-ऑप. मार्केटिंग फेडरेशन लि. मुंबई
किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा : संस्था की जांच शुरू है। इसमें किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। पूरी जांच होने बाद यदि कोई दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ यकीनन कार्रवाई होगी।-करण गण्यारपवार, अध्यक्ष विकास सहकारी चांवल गिरनी घोट
Created On :   11 April 2025 4:06 PM IST