सरेंडर: दो महिला नक्सलियों ने गडचिरोली पुलिस के समक्ष किया आत्मसमर्पण

दो महिला नक्सलियों ने गडचिरोली पुलिस के समक्ष किया आत्मसमर्पण
  • 16 लाख का रखा गया था इन पर इनाम
  • पुनर्वास के लिए सरकार ने मंजूर की 5-5 लाख रुपए की निधि
  • केंद्र व राज्य सरकार की नक्सल आत्मसमर्पण योजना को मिल रहा प्रतिसाद

डिजिटल डेस्क, गड़चिरोली। चार दिन पूर्व 10 लाख के इनामी 2 खूंखार नक्सलियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल करने के बाद जिला पुलिस विभाग को एक बड़ी सफलता हाथ आयी है। नक्सल दलम में लगातार हो रही परेशानी से तंग अाकर गुरुवार, 11 जुलाई को 2 महिला नक्सलियों ने पुिलस जवानों के समक्ष आत्मसमर्पण किया है। दोनों महिला नक्सलियों पर राज्य सरकार ने कुल 16 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था। आत्मसमर्पित नक्सलियों में 8 लाख रुपए इनामी प्लाटून पार्टी कमेटी सदस्य और सप्लाई टीम सदस्य धानोरा तहसील के बोगाटोला (गजामेंढी) निवासी प्रमिला सुखराम बोगा उर्फ मंजुबाई (36) और 8 लाख रुपए इनामी प्लाटून पार्टी कमेटी सदस्य और सप्लाई टीम सदस्य धानोरा तहसील के मरकेगांव निवासी अखिला संकेर पुडो उर्फ रत्नमाला उर्फ आरती (34) शामिल है। राज्य सरकार ने दोनों नक्सलियों का आत्मसमर्पण मंजूर करते हुए उनके पुनर्वास केे लिए 5-5 लाख रुपए की निधि मंजूर की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नक्सलियों को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए केंद्र व राज्य सरकार ने नक्सल आत्मसमर्पण योजना शुरू की है। इस योजना के तहत आत्मसमर्पित नक्सलियों का पुनर्वास कर उन्हें विभिन्न प्रकार का रोजगार उपलब्ध करने के लिए पक्के मकान उपलब्ध कराए जाते हैं। नक्सली दलम में लगातार हो रही परेशानी से तंग आकर अब दलम में सक्रिय नक्सली सदस्य इस याेजना का लाभ उठाते हुए समर्पण कर रहे हैं। वर्ष 2022 से 2024 तक अब तक कुल 21 खूंखार नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया है। इन सभी नक्सलियों का योजना की नीतियों के तहत पुनर्वास किया गया है।

गुरुवार को पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण करने वाली दोनों महिला नक्सलियों ने बताया कि, दलम के वरिष्ठ सदस्यों द्वारा लोगों से जबरन पैसे वसूली करवाना और यह पैसा अपने के लिए खर्च करना, दलम में महिला नक्सलियों से भेदभाव करना, विवाह होने के बाद भी दलम में अविवाहित जीवन बीताना, लगातार बढ़ रही पुलिस गश्त के कारण जान को खतरा निर्माण होना, मुखबिरी के आरोप में मासूम लोगों की हत्या करना, दलम में कार्य करते समय बीमार पड़ने पर समय पर उपचार न मिलना आदि समेत विभिन्न कारणों से तंब आकर प्रमिला और अखिला ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया है। दोनों महिला नक्सलियों का समर्पण पुलिस महानिरीक्षक (नक्सल विरोधी अभियान) संदीप पाटील, गड़चिरोली परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक अंकित गोयल, सीआरपीएफ के पुलिस उपमहानिरीक्षक (नक्सल अभियान) अजय कुमार शर्मा, पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल और सीआरपीएफ के 113 बटालियन के कमांडंट जसवीर सिंह के मार्गदर्शन में मंजूर किया गया है। हाल ही में 9 जुलाई को गड़चिरोली के सुरक्षाबलों ने 10 लाख रुपए ईनामी 2 खुंखार नक्सलियों को गिरफ्तार किया था। अब 16 लाख रुपए इनामी दो महिला नक्सलियों द्वारा आत्मसमर्पण किये जाने से एक बाद फिर नक्सल आंदोलन बैकफुट पर सिमटते नजर आ रहा है।

Created On :   12 July 2024 6:57 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story