Gadchiroli News: अब गडचिरोली में रबी सत्र की धान फसल पर टूटे जंगली हाथी

अब गडचिरोली में रबी सत्र की धान फसल पर टूटे जंगली हाथी
  • डार्ली परिसर के किसानों का हुआ भारी नुकसान
  • जंगली हाथियों के झुंड ने कंपार्टमेंट जोन 17 में प्रवेश किया

Gadchiroli News आरमोरी तहसील के डार्ली परिसर के खेतों में जंगली हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। जिसमें किसानों द्वारा रबी सीजन के लिए लगाई गई धान फसल का बड़ी संख्या में नुकसान हुआ है।

जंगली हाथियों के झुंड ने कंपार्टमेंट जोन 17 में प्रवेश किया था। इस परिसर के किसानों ने धान फसलों समेत सब्जियों की बुआई की है। धान फसल के नुकसानग्रस्त किसानों का नाम सुधाकर मेश्राम, मधुकर मेश्राम, ख्रिश्चन करकाडे, पंढरी मेश्राम, जगदीश कोलते आदि किसानों की धान फसलों को नुकसान पहुंचाया है। बता दें कि, पिछले तीन वर्षों से जंगली हाथियों ने गड़चिरोली जिले में उत्पात मचाया है। इसके बावजूद वनविभाग व सरकार द्वारा इस पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जा रहा है।

जंगली हाथियों द्वारा खरीफ व रबी सीजन की फसलों पर भी उत्पात मचाया जाता है। पिछले एक-दो माह से जंगली हाथियों का झुंड पोर्ला वनपरिक्षेत्र के तहत वड़धा, डार्ली, भिकारमौशी, बोडधा, देलोड़ा खुर्द आदि क्षेत्र मंर विचरण कर रहा है। वनविभाग द्वारा तत्काल जंगली हाथियों का बंदोबस्त कर नुकसानग्रस्त किसानों को वित्तीय सहायता दें, ऐसी मांग परिसर के किसानों ने की है।

जंगली सुअर व दोपहिया में टक्कर, महिला की मौत : तहसील के वड़धा गांव से अपने गांव की ओर लौटते समय बीच सड़क पर जंगली सुअर और दोपहिया की हुई टक्कर में 45 वर्षीय महिला की मौत हुई। हादसा वड़धा-पोर्ला मार्ग पर स्थित बोड़धा गांव समीप हुआ। मृत महिला का नाम देलोड़ा खुर्द निवासी गीता गोपाल मेश्राम (45) है। वहीं घायल पति-पत्नी का नाम हीरापुर निवासी नितीन चंद्रशेखर जेंगठे व गुड्डी नितीन जेंगठे है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नितीन जेंगठे पत्नी व सास के साथ शाम के दौरान दोपहिया से वड़धा से देलोड़ा खुर्द की ओर जा रहे थे। इस बीच पोर्ला-वड़धा मार्ग पर बोड़धा के समीप जंगली सुअर व दोपहिया की आपस में टक्कर हुई। जिसमें दोपहिया सवार तीनों सड़क किनारे गिर गए। घटना की जानकारी परिसर में फैलते ही बोड़धा गांव के नागरिकों ने तत्काल घायलों को वड़धा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया। इसके बाद तत्काल घायलों को गड़चिरोली जिला सामान्य अस्पताल में रेफर किया गया। उपचार के दौरान गीता मेश्राम की मौत हुई। वहीं घायल पति-पत्नी पर उपचार शुरू है।

Created On :   6 Feb 2025 2:09 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story