गड़चिरोली: भीषण मुठभेड़ में डिविजनल कमांडर समेत 12 नक्सली ढेर, घायल जवानों का नागपुर में इलाज

भीषण मुठभेड़ में डिविजनल कमांडर समेत 12 नक्सली ढेर, घायल जवानों का नागपुर में इलाज
  • छग सीमा के वांडोली जंगली परिसर में हुई घटना
  • गड़चिरोली के सुरक्षाबलों को मिली एक और बड़ी सफलता
  • घायल जवानों को नागपुर लाया गया

डिजिटल डेस्क, गड़चिरोली. बुधवार, 17 जुलाई को जहां राज्य के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस अहेरी तहसील के वडलापेठ में एक भूमिपूजन कार्यक्रम में व्यस्त थे, उसी दौरान एटापल्ली तहसील के वांडोली जंगल परिसर में नक्सलियों के साथ पुलिस जवानों की जोरदार मुठभेड़ होने की जानकारी सामने आयी है। सुबह करीब 10 बजे के दौरान नक्सली और सुरक्षाबलों के बीच 6 घंटों तक लगातार हुई जोरदार मुठभेड़ में 12 नक्सलियों को ढेर करने में सी-60 जवान सफल हुए है। मारे गए नक्सलियों में डिविजनल कमांडर और टीपागढ़ नक्सल दलम का कमांडर लक्ष्मण आत्राम उर्फ विशाल आत्राम समेत कुल 12 नक्सलियों के शव घटनास्थल से बरामद किए गए हैं। इस मुठभेड़ में पुलिस विभाग के एक पुलिस उपनिरीक्षक के साथ एक पुलिस जवान मामूली रूप से घायल होने के कारण उन्हें नागपुर के अस्पताल में भर्ती किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को राज्य के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार समेत अन्य मंत्र जिले के दौरे पर होने के कारण जिला पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल ने सी-60 कमांडोस को सतर्कता बरतने के आदेश दिए थे। वहीं छत्तीसगढ़ राज्य की सीमा पर रेड अलर्ट भी घोषित किया गया। इसी दौरान एटापल्ली तहसील के वांडोली जंगल परिसर में बड़ी संख्या में नक्सलियों की मौजूदगी होने की जानकारी सुरक्षाबलों को मिली। इस जानकारी के आधार पर नक्सल विरोधी अभियान के अपर पुलिस अधीक्षक विशाल नागरगोजे के नेतृत्व में सी-60 के 7 दल को घटनास्थल की ओर नक्सल खोज अभियान के लिए रवाना किया गया। वांडोली जंगल परिसर में पुलिस का दल पहुंचते ही मौजूद नक्सलियों ने अचानक पुलिस दल पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने भी गोलियों से जवाब दिया। इस बीच पुलिस के बढ़ते दबाव को देख नक्सली घने जंगलों में फरार हो गए।

घटनास्थल पर मिले ऑटोमोटिव हथियार

मुठभेड़ के बाद घटनास्थल की जांच करने पर नक्सलियों के कुल 12 शव बरामद किए। इनमें से एक नक्सली की शिनाख्त पुलिस विभाग ने की है जिसका नाम लक्ष्मण आत्राम उर्फ विशाल आत्राम होकर वह डीसीवीएम पद पर कार्यरत था। साथ ही वह टीपागढ़ नक्सल दलम में कमांडर पद पर कार्यरत था। इस समय पुलिस जवानों ने घटनास्थल से बड़े पैमाने पर नक्सली सामग्री भी बरामद की है जिसमें प्रमुखता से एके-47 के 3 राइफल, एक इंसास राइफल, एक कार्बाइन, एक एसएलआर समेत 7 आटोमोटिव हथियार शामिल है।

घायल जवानों को नागपुर लाया गया

मुठभेड़ में पुलिस विभाग के पुलिस उपनिरीक्षक सतीश पाटील समेत एक जवान मामूली रूप से घायल होने की जानकारी सामने आयी है। दोनों घायल जवानों को उपचार हेतु नागपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिला पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल ने छत्तीसगढ़ सीमा पर नक्सल खोज अभियान को और अधिक तेज करने के आदेश सुरक्षाबलों को दिये हैं।

गृहमंत्री ने घोषित किया 51 लाख का इनाम

बता दें कि, जिस समय गड़चिरोली के सी-60 कमांडोस नक्सलियों का सामना कर रहे थे, ठीक उसी समय राज्य के गृहमंत्री और जिले के पालकमंत्री देवेंद्र फडणवीस अहेरी तहसील के ग्राम वडलापेठ में भूमिपूजन कार्यक्रम में मौजूद थे। इस मुठभेड़ में 12 नक्सलियों को ढेर करने की जानकारी मिलते ही गृहमंत्री फडणवीस ने सी-60 कमांडोस की बहादूरी की तारीफ करते हुए 51 लाख रुपए के इनाम की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि, सी-60 कमांडोस की यह बहादूरी काबिले तारीफ है और इससे जल्द ही गड़चिरोली जिला नक्सलमुक्त होगा।

Created On :   17 July 2024 4:13 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story