सुरक्षा व्यवस्था: दुर्घटनाओं से बचने झरना और पहाड़ पर स्थित पर्यटन स्थल किये गये बंद

दुर्घटनाओं से बचने झरना और पहाड़ पर स्थित पर्यटन स्थल किये गये बंद
  • कलेक्टर ने जारी किए आदेश
  • सेवन सिस्टर हिल क्षेत्र में भारी बारिश में फंस गए थे पर्यटक
  • जिसके बाद सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन ने दिए निर्देश

डिजिटल डेस्क, चंद्रपुर । पर्यटक बड़ी संख्या में नदियों, तालाब, बांधों, झरनों, किलों, जंगलों आदि स्थानों पर पर्यटन के लिए आ रहे हैं।कलेक्टर और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष विनय गौड़ा जी.सी. ने सुरक्षा कारणों से जिले के झरनों और पर्यटन स्थलों को बंद करने का आदेश दिया ताकि मानसून अवधि के दौरान कोई अप्रिय घटना न हो, साथ ही जान-माल की हानि न हो। साथ ही जिला कलेक्टर ने संबंधित पर्यटन स्थलों को प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित करने के भी निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि, 15 अगस्त को ही सेवन सिस्टर हिल क्षेत्र में भारी बारिश के कारण कई पर्यटक फंस गए थे। जिसके बाद यह क्षेत्र पर्यटन के लिए बंद कर दिया गया था।

जिले में पर्यटन को बढ़ाने का प्रयास करते हुए "सुरक्षित और जिम्मेदार पर्यटक' के फॉर्मूले को अपनाना जरूरी है। पर्यटकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी मुख्य रूप से प्रशासन की है। इसलिए, आपदा प्रबंधन के लिए महाराष्ट्र पर्यटन विकास निगम, वन विभाग, पुरातत्व विभाग, शहरी और ग्रामीण स्थानीय स्वशासन और अन्य आवश्यक एजेंसियों को उपविभागीय अधिकारियों के साथ संबंधित स्थानों का दौरा करना चाहिए और उनका निरीक्षण करना चाहिए। चंद्रपुर जिले के जंगलों में कई पर्यटक स्थल हैं, इसलिए वन विभाग के संबंधित अधिकारियों को अपने अधिकार क्षेत्र में संवेदनशील स्थानों को अस्थायी रूप से बंद करना चाहिए।

जिन स्थानों पर पर्यटन जारी रखा जाना है वहां सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक निर्देश चस्पा किये जायें। उपरोक्त सभी उपायों के अतिरिक्त यदि स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप किसी अन्य उपाय की आवश्यकता हो तो उस पर तत्काल निर्णय लिया जाय। भविष्य में किसी भी परिस्थिति में जिले के पर्यटन स्थलों पर जनहानि न हो, इसके लिए सभी उपाय किए जाएं। इस आदेश को सभी संबंधितों द्वारा सख्ती से लागू किया जाना चाहिए। कलेक्टर के आदेश में कहा गया है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही होने पर संबंधित अधिकारी और विभाग प्रमुख जिम्मेदार होंगे।

Created On :   22 Aug 2024 7:43 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story