Chandrapur News: आखिरकार नरभक्षी बाघिन हुई कैद , तीन लोगों का किया था शिकार

आखिरकार नरभक्षी बाघिन हुई कैद , तीन लोगों का किया था शिकार

Chandrapur News तहसील के ग्राम मरेगांव तथा चितेगांव इलाके में तीन लोगों का शिकार करने वाली नरभक्षी बाघिन को आखिरकार वन विभाग के प्रयासों से बुधवार रात पकड़ लिया गया है। दरअसल,चंद्रपुर वन प्रभाग के सावली और चिचपल्ली वन क्षेत्र में उक्त बाघिन का आतंक था। उसने सावली क्षेत्र में दो व्यक्तियों नीलेश कोरेवार और शेषराव नागोसे का शिकार किया था, जबकि चिचपल्ली के चरवाहा मल्लाजी येगावार बाघिन के हमले में मारा गया।

इस बाघिन के हमले में कुछ नागरिक और मवेशी भी घायल हुए थे। इस कारण इलाके में भय का माहौल था। वन विभाग की ओर से बाघिन को पकड़ने के कई प्रयास किए गए, लेकिन काफी मशक्कत के बावजूद वह पकड़ से दूर रही जिस कारण नागरिकों में वन विभाग के प्रति रोष व्याप्त था। आखिरकार, बुधवार की देर रात वन विभाग को इस बाघिन को सावली वन क्षेत्र से कैद करने में सफलता मिली है। उक्त कारवाई मुख्य वन संरक्षक जितेंद्र रामगांवकर, प्रभागीय वन अधिकारी प्रशांत खाड़े के मार्गदर्शन मे सहायक वन संरक्षक विकास तरसे और सावली वन परिक्षेत्र अधिकारी विनोद धुर्वे के नेतृत्व में की गई।

इस सफल अभियान से नागरिकों ने राहत की सांस ली है और वन विभाग की सराहना की जा रही है। बाघिन को सफलतापूर्वक शूट कर बेहोश करने का काम चंद्रपुर वन परिक्षेत्र अधिकारी घनश्याम नयागांवकर ने किया है। आगे उक्त बाघिन के शावकों को भी कैद करने की योजना बनाई जा रही है ताकि इस क्षेत्र को भयमुक्त किया जा सके।


Created On :   11 April 2025 3:35 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story