- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- भंडारा
- /
- परिवार नियोजन शल्यक्रिया में...
Bhandara News: परिवार नियोजन शल्यक्रिया में डॉक्टरों की लापरवाही से महिला की मृत्यु
- परिजन व ग्रामीणों ने महिला के शव के साथ किया चक्काजाम
- पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
Bhandara News लाखांदुर थाना क्षेत्र में आनेवाले ग्राम विरली (बु.) में रहने वाली मेघा आकाश बनारसे की 19 जनवरी को मौत हो गई। दो माह पहले किए गए परिवार नियोजन शल्यक्रिया में डॉक्टरों की लापरवाही के कारण महिला की मृत्यु होने का गंभीर आरोप लगाते हुए स्थानीय कुछ लोगों ने महिला के शव के साथ गांव के मुख्य मार्ग पर चक्काजाम आंदोलन किया था। इससे परिसर में तनाव की स्थिति निर्माण होने सेे पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया।
इस मामले में लाखांदुर पुलिस थाने में बुधवार, 22 जनवरी को पांच लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। नामजद आरोपियों में ग्राम विरली (बु.)निवासी लोकेश एकनाथ भेंडारकर (40), संजय वामन कोरे (42), धीरज गौतम हुमने (24), मनोज गौतम हुमने (28), विष्णु ताराचंद कोरे (28) शामिल है। जानकारी के अनुसार ग्राम विरली(बु.) निवासी मेघा बनारसे का दो माह पहले लाखांदुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में परिवार नियोजन शल्यक्रिया हुई थी। उसके बाद से महिला की तबीयत लगातार बिगड़ने लगी। जिसके चलते महिला का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज किया गया, लेकिन उसके स्वास्थ में सुधार नहीं हुआ, इस बीच 19 जनवरी को उसकी मौत हो गई।
महिला के अंतिम यात्रा के दौरान कुछ लोगों ने गांव के मुख्य सड़क पर शव के साथ चक्काजाम आंदोलन किया था। आरोपी लोकेश भेंडारकर तथा संजय कोरे ने मांग पूर्ण होने तक शव सड़क से नहीं उठाने की भूमिका अपनायी। इससे गांव में तनाव की स्थिति निर्माण हुई थी। जिसके चलते लाखांदुर पुलिस ने सड़क जाम करने तथा लोगों की भीड़ इकट्ठा करने के मामले में उक्त पांच लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 126, 189 (1), (2), (3) (5), 190, 223, उपधारा 135 महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया है। आगे की जांच महिला पुलिस उपनिरीक्षक निशा खोब्रागडे कर रही हैं।
Created On :   24 Jan 2025 12:26 PM IST