- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अमरावती
- /
- घरेलू कलह में पत्नी के चेहरे पर...
Amrawati News: घरेलू कलह में पत्नी के चेहरे पर फेंके एसिड से झुलसी, गिरफ्तार

- गुस्से में आकर टॉयलेट क्लीनर (एसिड) फेंक दिया
- चरित्र पर संदेह और पैसों को लेकर हुआ विवाद
- अकोली के न्यू म्हाडा कॉलोनी की घटना
Amrawati News साईंनगर के निकट अकोली परिसर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत महाराष्ट्र गृह निर्माण व क्षेत्र विकास महामंडल द्वारा बनाए गए अपार्टमेंट में रहनेवाली महिला के चेहरे पर गुस्से में आकर उसके पति ने टॉयलेट क्लीनर (एसिड) फेंक दिया। जिससे महिला काफी हद तक झुलस गई। यह घटना 5 दिसंबर की रात 10 बजे के करीब घटित हुई। महिला की शिकायत पर खोलापुरी गेट पुलिस ने शुभम भास्कर आंधले (26) के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपी शुभम को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार आरोपी शुभम आंधले का लगभग तीन वर्ष पहले महिला के साथ प्रेमविवाह हुआ था। महिला को 11 वर्ष का एक बेटा भी है और पहले पति से उसका तलाक हो चुका है। करीब 6 माह पहले यह परिवार अकोली के निकट बनाए गए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत न्यू म्हाडा कॉलोनी में रहने आया था। आरोपी शुभम पत्नी के चरित्र पर संदेह कर उसके साथ विवाद करता था। महिला ज्वेलरी शॉप में सेल्स गर्ल के रूप में काम करती है। 5 दिसंबर को 9 बजे वह दुकान से पति के साथ दोपहिया पर घर पहुंची।
घर पहुंचने के बाद शुभम ने उससे 3500 रुपए मांगे। पत्नी ने पैसे देने से इनकार किया। दोनों के बीच हुए विवाद में शुभम का मोबाइल जमीन पर गिरकर टूट गया। दोनों के साथ हुए विवाद में शुभम की दोपहिया भी गिर गई। इसी दौरान जब महिला अपने कमरे की ओर जा रही थी। तो शुभम ने अपने जेब से एक बोतल निकाली और उसके चेहरे पर फेंक दी। महिला की चीखपुकार सुनकर लोग जमा हुए। डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी और महिला को इर्विन अस्पताल में भर्ती कराया।
Created On :   7 Dec 2024 12:06 PM IST