Women's Kabaddi World Cup 2025: बिहार को मिली बड़ी सौगात, हॉकी के बाद अब मिली कबड्डी विश्व कप के आयोजन की जिम्मेदारी, दुनियाभर के 14 देश लेंगे हिस्सा

- बिहार को मिली बड़ी सौगात
- हॉकी के बाद अब मिली कबड्डी विश्व कप के आयोजन की जिम्मेदारी
- बिहार के राजगीर में 1-10 जून तक होगा आयोजन
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बुद्ध की धरती कहा जाने वाला बिहार खेल जगत में अग्रसर होता जा रहा है। बिहार ने बीते दिनों महिला एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी की थी। जिसमें दुनियाभर के खिलाड़ियों ने यहां आकर शानदार खेल का प्रदर्शन किया था। इसी क्रम में अब बिहार को एक बड़ी सौगात मिली है। बिहार में एक बार फिर से विश्व स्तर के खेलों का आयोजन होने वाला है। दरअसल, बिहार को महिला कबड्डी विश्व कप 2025 के मेजबानी की जिम्मेदारी दी गई है।
महिला एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी के सफल आयोजन के बाद इस साल जून में खेले जाने वाले महिला कबड्डी वर्ल्ड कप का आजोजन बिहार के राजगीर में होने वाला है। राजगीर का पाटलीपुत्र खेल परिसर में 1-10 जून के बीच इस टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। बता दें, एमेच्योर कबड्डी महासंघ और बिहार खेल राज्य प्राधिकरण के बीच इस टूर्नामेंट की मेजबानी को लेकर समझौते पर हस्ताक्षर हो चुके हैं। इस दौरान भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तान सोनाली विष्णु और उपकप्तान पुष्पा राणा भी वहां मौजूद थी।
महिला कबड्डी वर्ल्ड कप 2025 में मेजबान भारत समेत दुनियाभर के कुल 14 टीमों ने हिस्सा लिया है। इनमें टीम इंडिया के अलावा ईरान, बांग्लादेश, नेपाल, थाईलैंड, नीदरलैंड्स, जापान, पोलैंड, अर्जेंटीना, हंगरी, जर्मनी, केन्या और यूगांडा शामिल हैं। जानकारी के लिए बता दें, टूर्नामेंट के आयोजन के लिए हुए समझौते पर एमेच्योर कबड्डी महासंघ के सचिव जीतेंद्र प्राण सिंह ठाकुर और बिहार खेल राज्य प्राधिकरण के सीईओ रवीन्द्रन शंकरन ने हस्ताक्षर किए।
इस बात की जानकार देते हुए बिहार खेल राज्य प्राधिकरण के सीईओ रवीन्द्रन शंकरन ने काफी उत्साह के साथ कहा कि बिहार के लिए इस बड़े टूर्नामेंट के आयोजन की जिम्मेदारी मिलना किसी सम्मान की बात से कम नहीं है। इस दौरान उन्होंने ऐलान किया कि टूर्नामेंट के टिकट फ्री में बांटे जाएंगे। जिसका मतलब है दर्शक इस टूर्नामेंट का लुफ्त मुफ्त में मैदान में बैठकर उठा सकेंगे। हालांकि, उन्होंने बताया कि टिकटों के लिए दर्शकों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना होगा। वहीं, जो लोग रजिस्ट्रेशन नहीं करा सकेंगे उनके लिए मैदान के बाहर बड़ी स्क्रीन की व्यवस्था भी की जाएगी।
Created On :   14 April 2025 8:51 PM IST