प्रियंका ने रोजगार व मंहगाई को लेकर पीएम मोदी पर साधा निशाना

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने चुनावी शंखनाद रविवार को पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र से शुरू कर दी है। बता दें कि आज वाराणसी में किसान न्याय रैली के कार्यक्रम में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने लोगो को संबोधित किया। प्रियंका गांधी ने अपने संबोधन में पीएम मोदी पर जमकर हमला किया। प्रियंका ने कहा, जब लखीमपुर में शहीद नक्षत्र सिंह के घर गई, तो पता चला कि उनका बेटा सीमा सुरक्षा बल में दाखिल हुआ है। जब मैं अगले परिवार से मिलने गई तो बताया गया कि उनके भाई-बहन सेना में देश की सेवा करते हैं। जब मैं पत्रकार रमन कश्यप के घर गई तो बताया गया कि वो वीडियो ले रहे थे, इसलिए उन्हें कुचल दिया गया। सारे परिवारों ने मुझसे कहा कि उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद नहीं है। अगर सरकार, मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री, गृह राज्यमंत्री, विधायक सभी मिले हुए हैं तो जनता किसके पास जाए।
— UP Congress (@INCUttarPradesh) October 10, 2021
गृह राज्यमंत्री इस्तीफा दें
गौरतलब है कि लखीमपुर खीरी कांड मे गृहराज्य मंत्री अजय मिश्रा के बेटे की गिरफ्तारी के बाद प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र में अब गृह राज्यमंत्री के इस्तीफे की मांग कर फिर से राजनीति गलियारों में हलचल मचा दिया है। बता दें कि प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस के जितने भी कार्यकर्ता हैं, किसी से नहीं डरते हैं। हमें जेल में डालिए, हमें मारिए, हमें कुछ भी कर लीजिए, हम लड़ते रहेंगे, जब तक गृह राज्यमंत्री इस्तीफा नहीं देंगे।
मोदी अपने मित्रों को फायदा पहुंचा रहें हैं
प्रियंका ने कहा, आप जानते हैं कि किसान ने 9-10 महीनों से एक आंदोलन जारी रखा है. 300 दिन से अधिक ये आंदोलन चला है. 600 से ज्यादा किसान शहीद हुए हैं। ये आंदोलन इसलिए कर रहे हैं क्योंकि ये जानते हैं कि तीन कानून के जरिए उनके जमीन, आमदनी, फसल सब उनके खरबपति मित्रों के पास जाने वाली है। मोदीजी के मित्रों ने पिछले साल हिमाचल से सेब 88 रुपये किलो में खरीदा था, इस साल वही सेब 72 रुपये किलो में खरीद रहे हैं. इसलिए मनचाहे ढंग से कीमत घटा दी गई। ये स्थिति पूरे देश में होगी, जब इनके कानून लागू होंगे, तो आपकी खेती व फसल सब छीना जाएगा।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 10, 2021
मंहगाई व रोजगार पर मोदी को घेरा
प्रियंका ने कहा, ये देश भ्रष्ट हो रहा है, जितने भी इश्तेहार, होर्डिंग लग रहे हैं, इनके पीछे जो सच्चाई है, आप जानते हैं। आप जी रहे हैं, आप बताइए आपको फसल का दाम मिलता है, गैस सिलेंडर मिलता है। आपके बच्चों को रोजगार मिलता है, तो सच्चाई क्या है और इस सच्चाई को बोलने से लोग डर क्यों रहे हैं। किस चीज से भय है, क्या हो जाएगा, समय आ गया है। चुनाव की बात नहीं है, अब देश की बात है। ये देश भाजपा के पदाधिकारियों, मंत्रियों, प्रधानमंत्री की जागीर नहीं है, ये देश आपका है. इस देश को कौन बचाएगा? कौन बचाएगा इस देश को?
कांग्रेस के कार्यकर्ता डरते नहीं हैं
आप को बता दें कि वाराणसी में किसान न्याय रैली आज प्रियंका गांधी का रौद्र रूप देखने को मिला तथा केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, अगर आप जागरूक नहीं बनेंगे. आप इनकी राजनीति में उलझे रहेंगे तो न आप अपने आप को बचा पाएंगे और न देश को।आप किसान हो, इस देश की आत्मा हो, मंच पर जितने भी नेता बैठे हैं, आपने बनाया है उन्हें, जो आपको आंदोलनकारी कहते हैं, आतंकवादी कहते हैं, उनको न्याय देने के लिए मजबूर करिए। कांग्रेस के जितने भी कार्यकर्ता हैं, किसी से नहीं डरते हैं. हमें जेल में डालिए, हमें मारिए, हमें कुछ भी कर लीजिए, हम लड़ते रहेंगे, जब तक गृह राज्यमंत्री इस्तीफा नहीं देंगे, हम लड़ते रहेंगे, हिलेंगे नहीं।
देश की आजादी के खातिर लड़ाई लड़ी
प्रियंका ने अपने संबोधन में कहा कि हम कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं, हमने देश की आजादी की लड़ाई लड़ी है। हमें कोई चुप नहीं कर सकता, कोई नहीं रोक सकता और जितने भी लोग मेरी बातों को सुन रहे हैं, वो अपने अंतर्मन में झांकिए और अपने आप से सिर्फ एक सवाल पूछिए कि जब से ये सरकार आई है, इन पिछले 7 सालों में क्या आपके जीवन में तरक्की आई है या नहीं? विकास आपके द्वार पर आया है या नहीं? जो वचन आपसे किए गए थे, वो निभाए गए हैं या नहीं? और ईमानदारी से जवाब दीजिए। अगर आपका जवाब न है तो मेरे साथ खड़े होइए और लड़िए, परिवर्तन लाइए तथा अपने देश को बदलिए, क्योंकि मैं तब तक नहीं रुकूंगी जब तक परिवर्तन न आए।
Created On :   10 Oct 2021 3:14 PM IST