बीबीसी के दफ्तरों पर आयकर विभाग की छापेमारी, विपक्ष ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना, एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने कहा सरकार की आलोचना करने वाले निशाने पर
![Income Tax Department raids BBC offices, opposition points finger at central government Income Tax Department raids BBC offices, opposition points finger at central government](https://d35y6w71vgvcg1.cloudfront.net/media/2023/02/income-tax-department-raids-bbc-offices-opposition-points-finger-at-central-government1_730X365.jpg)
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मीडिया संस्थान बीबीसी के राजधानी दिल्ली और मुबई स्थित दफ्तर पर मंगलवार को आयकर विभाग ने छापा मारा है। खबर है कि, टैक्स संबंधित मामले में बीबीसी दफ्तर पर आईटी विभाग ने ये कार्रवाई की है। फिलहाल दो दफ्तरों पर अधिकारियों की छानबीन जारी है। आयकर विभाग के अधिकारियों ने सभी कर्मचारियों के फोन जब्त कर लिए है। इसके अलावा अधिकारियों ने कर्मचारियों से दफ्तर को छोड़कर जाने को कहा है। साथ ही दोपहर की शिफ्ट में काम करने वाले कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम करने को कहा है। सूत्रों के मुताबिक, छापेमारी की जानकारी लंदन स्थित बीबीसी के दफ्तर में दे दी गई है। विपक्ष इसे हाल में बनी डॉक्यूमेंट्री इंडिया: द मोदी क्वश्चन से जोड़कर देख रही है।
एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने कही ये बातें
बीबीसी दफ्तरों पर आयकर विभाग की छापेमारी करने की घटना पर एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। एडिटर्स गिल्ड ने चिंता जाहिर करते हुए कहा है कि सरकार की आलोचना करने वाले निशाने पर है। जारी बयान में एडिटर्स गिल्ड ने कहा कि वो बीबीसी इंडिया के दफ्तरों में इनकम टैक्स के सर्वे को लेकर बेहद चिंतित है।
एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया के जारी बयान में कहा गया है कि, यह ऐसे वक्त में हुआ है, जब हाल ही में बीबीसी ने 2002 के गुजरात दंगों और वर्तमान में भारत में अल्पसंख्यकों के हालात पर 2 डॉक्यूमेंट्रीज रिलीज की हैं। सरकार ने बीबीसी पर गुजरात की गलत और पूर्वाग्रहों से ग्रसित रिपोर्ट करने का आरोप लगाया और भारत में डॉक्यूमेंट्री पर रोक लगा दी।
बीबीसी दफ्तरों पर आईटी सेल का छापा
बता दें कि, आयकर विभाग की जांच टीम न केवल दिल्ली के बीबीसी दफ्तर में पहुंची है, बल्कि मुबई स्थित दफ्तर पर छानबीन कर रही है। जानकारी के मुताबिक, मुंबई में बीबीसी के दो दफ्तर मौजूद हैं, जिसमें एक बीकेसी और दूसरा खार में स्थित है। फिलहाल मुंबई में इनकम टैक्स ऑफिसर्स बीकेसी दफ्तर पर पहुंचे हैं। यहां पर भी कर्मचारियों को घरों से काम करने के लिए कहा गया है। मीडिया संस्थान के मुताबिक, दिल्ली में बीबीसी के दफ्तर इमारत के 5वें, 6वें और 11वें फ्लोर पर आईटी के करीब 15 से 20 अफसर मौजूद हैं और ऑफिस के बाहर दिल्ली पुलिस तैनात है। आज तक मीडिया संस्थान से बातचीत करते हुए इनकम टैक्स के सूत्रों ने बताया कि, ये इनकम टैक्स की टीम का सर्वे है।
विपक्ष ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस इस कार्रवाई को हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा बैन की गई बीबीसी डॉक्यूमेंट्री से जोड़कर देख रही है। कांग्रेस ने ट्वीट किया कि, पहले बीबीसी डॉक्यूमेंट्री आई और उसे बैन किया गया। अब बीबीसी दफ्तर पर आईटी सेल का छापा पड़ा है। ये अघोषित आपातकाल है।
— Congress (@INCIndia) February 14, 2023
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने केंद्र सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि यहां हम अडानी के मामले में JPC की मांग कर रहे हैं,और वहां सरकार BBC के पीछे पड़ी हुई है। विनाशकाले विपरीत बुद्धि।
— Congress (@INCIndia) February 14, 2023
डॉक्यूमेंट्री पर आमने-सामने केंद्र और बीबीसी
मालूम हो कि, कुछ दिनों पहले बीबीसी एक डॉक्यूमेंट्री आई थी। यह डॉक्यूमेंट्री साल 2002 के गुजरात दंगों पर बनी थी। जिस पर केंद्र सरकार ने देशभर में डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग पर रोक लगा दी थी। इस डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग को लेकर दिल्ली यूनिवर्सिटी, हैदराबाद यूनिवर्सिटी समेत अन्य यूनिवर्सिटियों में छात्रों के बीच बवाल मचा था। हाल में इसे लेकर सुप्रीम कोर्ट में भी कई याचिका दायर की गई है। ऐसे में बीबीसी दफ्तरों पर आयकर विभाग की ओर से छापेमारी पर विपक्ष केंद्र सरकार पर हमलावर हो रही है।
वैचारिक आपातकाल की घोषणा- अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने ट्विटर कर कहा कि, BBC पर छापे की खबर ‘वैचारिक आपातकाल’ की घोषणा है।
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) February 14, 2023
Created On :   14 Feb 2023 2:46 PM IST