भास्कर एक्सक्लूसिव: बिहार में बीते पांच सालों में कितना बदला सियासी समीकरण, इस बार का चुनाव पिछले चुनाव से कितना अलग, समझें विस्तार से
- बिहार में इस वक्त एनडीए की सरकार
- साल 2020 के चुनाव में आरजेडी बनी थी बड़ी पार्टी
- साल 2020 के चुनाव में दूसरे नंबर पर रही थी बीजेपी
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में राज्य की बीते पांच सालों की राजनीतिक घटनाक्रम को जानते हैं। साथ ही, यह भी जानते हैं कि सीएम नीतीश कुमार ने इस कार्यकाल के दौरान कितनी बार पलटी मारी है? क्योंकि, बीते पांच सालों में बिहार की राजनीति में काफी उथल पुथल देखने को मिली है।
नीतीश ने कब-कब मारी पलटी
साल 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव के बाद बीजेपी और जेडीयू ने मिलकर एक बार फिर राज्य में एनडीए गठबंधन की सरकार बनाई। हालांकि, साल 2022 के अगस्त महीने में नीतीश कुमार अपने चिरपरिचित अंदाज में पाला बदलते हैं और राज्य में महागठबंधन की सरकार बना देते हैं। जिसके चलते राज्य में एक बार फिर आरजेडी-जेडीयू और कांग्रेस के अलावा लेफ्ट गठबंधन की सरकार बन जाती है। हालांकि, लोकसभा चुनाव से ठीक पहले नीतीश कुमार साल 2024 के जनवरी महीने में वापस एनडीए के पाले आते हैं। जिससे एक बार फिर बिहार और देश की सियासी समीकरण पूरी तरह से बदल जाते हैं।
साल 2022 के दौरान पाला बदलते हुए नीतीश कुमार ने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव को लेकर कहा था कि अब उन्हें ही बिहार की राजनीति को देखना है। तब ऐसा माना जा रहा था कि नीतीश कुमार अब पाला नहीं बदलेंगे। लेकिन वह साल 2024 के जनवरी महीने में पाला बदलते हुए नीतीश कुमार बिहार में एनडीए की सरकार बना देते हैं।
साल 2020 बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम
बता दें कि, साल 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को कुल 125 सीट मिली थीं। जिसमें बीजेपी को 74, जेडीयू को 43, हम और वीआईपी पार्टी को 4-4 सीटें मिली। वहीं, महागठबंधन को इस चुनाव में कुल 110 सीटें मिलती है। जिसमें आरजेडी को 75, कांग्रेस को 19 और लेफ्ट को कुल 16 सीटें मिलीं। हालांकि, कुछ छोटी पार्टी एनडीए और इंडिया गठबंधन की ओर अपना रूख दिखाते हैं। इस चुनाव में अन्य को आठ सीटें मिलती है। जिसमें असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM को 5, बसपा, लोजपा और अन्य को 1-1 सीटें मिलती हैं। इसमें लोजपा और अन्य ने सीधे तौर पर एनडीए को समर्थन दिया था।
मौजूदा स्थिति
फिलहाल की स्थिति की बात करें तो नीतीश कुमार इस वक्त एनडीए का हिस्सा हैं और बीजेपी नीतीश कुमार के नेतृत्व में इस साल का बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने जा रही है। वहीं, महागठबंधन सत्ता में वापसी के लिए लगातार मेहनत करती नजर आ रही है। महागठबंधन की ओर से आरजेडी, कांग्रेस और लेफ्ट अभी से ही चुनावी तैयारी में जुटी है। इधर, एनडीए गठबंधन की ओर से बीजेपी, जेडीयू, लोजपा और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की पार्टी 'हम' भी अभी से ही चुनाव के लिए सक्रिय नजर आ रही है। हालांकि, अब देखना होगा कि इस बार का बिहार विधानसभा चुनाव कौन जीतेगा?
Created On :   8 April 2025 7:00 PM IST