महिला यात्री के बीमार पड़ने से इंडिगो के विमान की जोधपुर में आपात लैंडिंग, तमाम कोशिशों के बावजूद नहीं बच सकी जान

- डॉक्टरों ने अस्पताल में महिला को मृत घोषित कर दिया
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। जेद्दा से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट में एक महिला यात्री के बीमार पड़ने के चलते उसकी जोधपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लेंडिंग करवानी पड़ी। लैंडिंग के बाद उसे जोधपुर के गोयल अस्पताल और अनुसंधान केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृत महिला यात्री की पहचान मित्रा बानो के रूप में हुई है, जिसकी उम्र 61 साल थी। वह जम्मू-कश्मीर के हजारीबाग की रहने वाली थीं।
इंडिगो के एक बयान के अनुसार, विमान पर मौजूद एक डॉक्टर ने यात्री को तत्काल प्राथमिक उपचार देने में चालक दल की मदद की। एयरलाइंस ने भी मित्रा बानो के परिवार और प्रियजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। बानो का बेटा मुजफ्फर उनके साथ था जब विमान सुबह 11 बजे जोधपुर पहुंचा। फ्लाइट के दौरान महिला की तबीयत बिगड़ गई और उसके बाद इमरजेंसी लैंडिंग की गई।
इससे पहले कोलकाता जाने वाली एयर एशिया की एक फ्लाइट की 29 जनवरी को आपातकालीन लैंडिंग कराई गई थी। यह फ्लाइट पक्षियों से टकरा गई थी, जिसके चलते आपातकालीन लैंडिंग हुई। फ्लाइट के वहां से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की गई।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
हाल ही में मदुरै से दिल्ली जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में एक 60 वर्षीय यात्री का खून बहना शुरू हो गया था, जिसके चलते अधिकारियों को इंदौर एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। उस दौरान स्थानीय अस्पताल के डॉक्टरों ने यात्री को मृत घोषित कर दिया था। यात्री नोएडा का रहना वाला था।
Created On :   7 Feb 2023 3:13 PM IST