टाइम मैग्जीन: सौ प्रभावशाली लोगों की सूची में एक भी भारतीय नेता को नहीं मिली जगह

सौ प्रभावशाली लोगों की सूची में एक भी भारतीय नेता को नहीं मिली जगह
  • टाइम मैग्जीन की दुनिया के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों की सूची जारी
  • ट्रंप, यूनुस दुनिया के सबसे प्रभावशाली नेताओं में शामिल
  • भारतीय मूल की रेशमा का नाम सूची में शामिल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। टाइम मैग्जीन की दुनिया के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों की लिस्ट जारी हो चुकी है। इस लिस्ट में कई चौंकाने वाले नाम हैं। इस सूची में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, टेस्ला के सीईओ एलन मस्क और बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस का नाम शामिल है। मिली जानकारी के अनुसार इस बार सूची में किसी भारतीय को दुनिया के सबसे प्रभावशाली लोगों की सूची में जगह नहीं मिली है। इम मैग्जीन की सूची में शुमार अन्य नेताओं में ब्रिटेन के पीएम कीर स्टार्मर, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस आदि का नाम भी शामिल है।

साल 2024 में भारत से मशहूर अभिनेत्री आलिया भट्ट और ओलंपियन पहलवान साक्षी मलिक को टाइम मैग्जीन के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों की सूची में शामिल किया गया था। हालांकि इस साल भारतीय मूल की रेशमा केवलरमानी को लिस्ट में स्थान मिला है। टाइम मैग्जीन ने अपने लीडर्स सेक्शन में रेशमा को शामिल किया है। रेशमा केवलरमानी फार्मास्यूटिकल कंपनी वर्टेक्स की सीईओ हैं। वह जब 11 साल की थी, तभी उनका परिवार यूएस में बस गया था। रेशमा अमेरिका की सबसे बड़ी दवा कंपनियों में से एक वर्टेक्स की पहली महिला सीईओ भी हैं।

रेशमा के बारे में टाइम मैग्जीन ने लिखा है कि वे जानती हैं कि विज्ञान की सीमाओं को किस तरह से आगे बढ़ाया जाए। रेशमा के नेतृत्व में वर्टेक्स फार्मास्यूटिकल कंपनी ने पहली बार क्रिस्पर तकनीक से बनी सिकल सेल की दवा को एफडीए से मंजूरी दिलाने में सफलता हासिल की है। इस दवा से सिकल सेल की बीमारी को मरीज के ही डीएनए का उत्परिवर्तन करके ठीक किया जा सकेगा। रेशमा का कहना है कि हमारे शरीर की भाषा डीएनए है और आगामी समय में वही दवाएं असरदार होंगी, जो हमारे डीएनए की मदद से हमारे शरीर से बात कर सकेंगी।

Created On :   17 April 2025 9:55 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story