वानुआतु: प्रधानमंत्री जोथम नापत ने आईपीएल के पूर्व अध्यक्ष ललित मोदी के पासपोर्ट को रद्द करने का आदेश दिया

- ललित मोदी 2010 में भाग गए थे ब्रिटेन
- पिछले दो सालों में 30 अमीर भारतीयों ने यहां की नागरिकता हासिल की
- वानुआतु में कोई टैक्स नहीं लगता
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। वानुआतु के प्रधानमंत्री जोथम नापत ने आईपीएल के पूर्व अध्यक्ष ललित मोदी को बड़ा झटका दे दिया है। पीएम नापत ने मोदी का पासपोर्ट तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। आपको बता दें मोदी ने भारत का पासपोर्ट सरेंडर कर छोटे से देश वानुआतु की नागरिकता ली। पीएम नापत ने कहा कि मैंने नागरिकता आयोग को निर्देश दिया है कि वह ललित मोदी का वानुआतु पासपोर्ट तुरंत रद्द कर दे। पीएम ने कहा वानुआतु का पासपोर्ट रखना एक विशेषाधिकार है ना कि कोई अधिकार,याचिकाकर्ताओं को वैध कारणों से ही यहां की नागरिकता लेनी चाहिए। वानुआतु में निवेश आधारित नागरिकता है यानी निवेश कर यहां की नागरिकता हासिल की जा सकती है।
मिली जानकारी के मुताबिक 2025 तक वानुआतु का पासपोर्ट 113 देशों में बिना वीजा के प्रवेश की अनुमति देता है। हेनली पासपोर्ट इंडेक्स के अनुसार, वानुआतु का पासपोर्ट 199 देशों की सूची में दुनिया में 51वें नंबर पर है, जो सऊदी अरब (57), चीन (59) और इंडोनेशिया (64) से ऊपर है। भारत इस सूची में 80वें स्थान पर है।
पीएम नापत ने कहा मुझे बीते 24 घंटे में यह जानकारी मिली कि इंटरपोल ने ललित मोदी को लेकर भारत सरकार की ओर से भेजे गए अलर्ट नोटिस को न्यायिक साक्ष्य के अभाव में दो बार खारिज किया था। इससे पहले ललित मोदी ने कहा मैं अब वानुअतु का नागरिक, भारतीय पासपोर्ट सरेंडर का आवेदन कर चुका हूं। आपकी जानकारी के लिए बता दें ललित मोदी ने 7 मार्च को लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग में अपना पासपोर्ट सरेंडर कर दिया था। विदेश मंत्रालय भी इसकी पुष्टी कर चुका है कि ललित मोदी ने अपना पासपोर्ट जमा कर दिया है।
वानुआतु कहां है ?
वानुआतु दक्षिण प्रशांत महासागर में स्थित एक छोटा सा देश है। यहां निवेश कर नागरिकता हासिल कर सकते है। यहां की अर्थव्यवस्था विशेष तौर पर कृषि , पर्यटन , मछली पकड़ने और विदेशी वित्तीय सेवाओं पर आधारित है। पासपोर्ट की बिक्री यहां की सरकार की आय का प्रमुख स्रोत है। इस देश में कोई भी टैक्स नहीं लगता। पिछले दो सालों में 30 अमीर भारतीयों ने यहां की नागरिकता हासिल की है,और यहां नागरिकता लेने वालों में चीन के लोग सबसे आगे हैं। आपको बता दें 15 साल पहले आईपीएल की शुरुआत करने वाले ललित मोदी भारत से ब्रिटेन भाग गए थे। भारत में मोदी को भगोड़ा घोषित कर दिया है। भारत में उनके प्रत्यर्पण को लेकर कानूनी जंग जारी है।
Created On :   10 March 2025 11:20 AM IST