Russia-Ukraine War: रूस-यूक्रेन युद्ध रुकवाने में ट्रंप के छूट रहे पसीने! अब इस बात की सफाई देकर खुद को कर रहे जस्टिफाई

- रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध
- युद्धविराम में डोनाल्ड ट्रंप के छूट रहे पसीने
- अब खुद को कर रहे जस्टिफाई
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रूस और यूक्रेन के बीच युद्धविराम कराने के लिए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कोशिश नाकाम होती नजर आ रही है। इस पर अमेरिकी राष्ट्रपति ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा है कि रूस और यूक्रेन में से कोई भी देश युद्ध रोकने के लिए तैयार नहीं दिख रहा है, इसी वजह से अब तक कोई नतीजा नहीं निकल पाया है।
डोनाल्ड ट्रंप ने दी धमकी
इस दौरान ट्रंप ने धमकी देते हुए कहा कि अगर रूस (मास्को) या यूक्रेन (कीव) शांति समझौते में ज्यादा दिक्कतें पैदा करते हैं तो अमेरिका पीछे हट सकता है और इनकी बातचीत में ज्यादा दखल नहीं देगा। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं है कि कुछ ही दिनों में युद्ध रुक जाएगा, लेकिन वह चाहते हैं कि लड़ाई जल्द से जल्द खत्म हो।
बता दें, यह टिप्पणी अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की चेतावनी के कुछ घंटों बाद आई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर कुछ ही दिनों में कोई ठोस प्रगति नहीं होती, तो अमेरिका बातचीत से पीछे हट जाएगा।
रुबियो ने कहा, "हम इस कोशिश को कई हफ्तों और महीनों तक नहीं बढ़ा सकते।" इसके बाद उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका के पास अन्य जरूरी मुद्दे हैं जिन पर ध्यान देना ज़रूरी है। बता दें, यह घटना उस समय हुई है जब यूक्रेन पर रूस का हमला जारी है। खार्किव और सुमी नामक उत्तर-पूर्वी शहरों में शुक्रवार को रूस के हमलों में दो लोगों की मौत हो गई थी। जबकि, 100 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। रूस ने 2022 में यूक्रेन पर पूरी तरह से हमला शुरू किया था, और रूसी सैनिक अब भी पूर्वी यूक्रेन में धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे हैं। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने युद्धविराम पर कुछ शर्तें रखी हैं।
रूस-यूक्रेन के युद्वविराम पर कही ये बात
इसके अलावा रूस और यूक्रेन के बीच समझौते के सवाल पर ट्रंप ने कहा, "हम यहां लोगों की मौत की बात कर रहे हैं। हम इसे जल्दी से रोकना चाहते हैं।" उन्होंने आगे कहा, "अगर किसी कारण से दोनों में से कोई एक पक्ष इसे बहुत मुश्किल बना देता है तो हम कहेंगे कि तुम मूर्ख हो, तुम बेवकूफ हो, तुम भयानक लोग हो और हम इसे नजरअंदाज कर देंगे।"
ट्रंप प्रशासन ने शुरू में यह सोचा था कि वह जल्दी ही समझौता करवा लेंगे लेकिन अब तक युद्धविराम की कोशिशें सफल नहीं हो पाई हैं और वाशिंगटन दोनों पक्षों को इसके लिए जिम्मेदार ठहरा रहा है।
Created On :   19 April 2025 4:37 PM IST