इस देश में 20 लाख लोगों की जान को खतरा, संयुक्त राष्ट्र ने जताई आशंका

- भुखमरी के कारण हो सकती है 20 लाख लोगों की मौत
- संयुक्त राष्ट्र ने जताई चिंता
- सोमालिया में आर्थिक सकंट
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। संयुक्त राष्ट्र (यूएन) ने अफ्रीकी देश सोमालिया के लिए चिंता व्यक्त की है। यूएन के आपात राहत समन्वयक ने कहा है कि, अगर सोमालिया को जल्द मदद नहीं दी गई तो 20 लाख से अधिक महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की मौत भुखमरी से हो सकती है। संयुक्त राष्ट्र के अंडरसेक्रेटरी जनरल मार्क लोकॉक ने कहा कि सूखा पड़ने के बाद सोमालिया को करीब 70 करोड़ डॉलर की जरूरत है। बारिश नहीं होने के कारण जानवरों की मौत हो रही है और फसलें बर्बाद हो चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के केंद्रीय आपदा राहत कोष ने सूखे से प्रभावित सोमालिया के साथ केन्या और इथियोपिया में दैनिक आवश्यकता की चीजों, पानी और खाने की कमी को पूरा करने के लिए 4.5 करोड़ डॉलर की राशि आवंटित किए हैं। मार्क लोकॉक ने कहा कि सोमालिया की आबादी 1.5 करोड़ है। यहां 30 लाख लोग सिर्फ भोजन की न्यूनतम आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए जूझ रहे हैं। भोजन की कमी की स्थिति पिछली सर्दियों की तुलना में इस वर्ष काफी खराब हो गई है।
Created On :   6 Jun 2019 8:38 AM IST