यवतमाल: शहर के रंभाजी नगर की वारदात, संदेह के चलते चाकू से गोदकर हत्या - दो नामजद

शहर के रंभाजी नगर की वारदात, संदेह के चलते चाकू से गोदकर हत्या - दो नामजद
  • चाकू से गोदकर निर्मम हत्या की
  • दो लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज

डिजिटल डेस्क, यवतमाल. संदेह के चलते एक व्यक्ति को दोपहिया से नीचे गिराकर चाकू से गोदकर उसकी निर्मम हत्या की गई। यह घटना शहर के वाघापुर परिसर के रंभाजी नगर परिसर में रविवार, 2 जून की रात 8 बजे के दौरान घटी। मृतक का नाम नेताजी नगर, लोहारा निवासी हेमंत कांबले(41) बताया गया है। इस मामले में मृतक की पत्नी नीता कांबले (38) की शिकायत पर लोहारा पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। नामजद आरोपियों में श्याम जोगदंड निवासी नेताजी नगर, लोहारा और एक अज्ञात आरोपी का समावेश है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी श्याम को उसके रिश्तेदार से मृतक हेमंत का प्रेम संबंध होने का संदेह था। इसके पहले भी आरोपी श्याम ने हेमंत को दो बार जान से मारने की धमकी दी थी। घटना के समय रविवार को शाम 7 बजे हेमंत कांबले यह दोपहिया से निजी काम से जयविजय चौक की तरफ गया था। इस बीच हेमंत ने पत्नी को फोन कर बताया कि, श्याम जोगदंड ने उसके एक साथी के साथ मिलकर रंभाजी नगर में पीपल्स शाला के पास उसके वाहन से दोपहिया को धक्का देकर हेमंत को नीचे गिराया और उसने तेजधार चाकू से वार कर उसे घायल कर दिया है।

वह घायल स्थिति में पड़ा है और उसे अस्पताल में ले जाने के लिए ऑटो लेकर आने को कहा। जिसके बाद हेमंत की पत्नी ने ऑटो लेकर घटनास्थल पर पहुंचकर हेमंत को घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती किया। जहां इलाज के दौरान हेमंत कांबले की मौत हो गई। इस मामले में लोहारा थाने में आरोपी श्याम जोगदंड व उसके अज्ञात साथी के खिलाफ भादंवि की धारा 302, 504, 506, 34 के तहत अपराध दर्ज किया है। समाचार लिखे जाने तक आरोपी की तलाश शुरू थी। इस मामले की जांच लोहारा थानेदार यशोधरा मुनेश्वर के मार्गदर्शन में चल रही हंै।

Created On :   4 Jun 2024 12:06 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story