यवतमाल जिले में भारी बारिश, कई गांवों का संपर्क टूटा, महिला की मौत

  • वाघाडी में दीवार ढहने से महिला की मौत
  • कार बही, बाढ से घिरे 45 लोगों को निकालने रायपुर से बुलाए 2 हेलीकॉप्टर

डिजिटल डेस्क,यवतमाल। यवतमाल जिले में भारी बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। 9 से अधिक तहसीलें अतिवृष्टि की चपेट में है।जिले के वाघाड़ी क्षेत्र में एक मकान की दीवार ढहने से एक महिला की मौत हो गई जबकि परिवार के अन्य लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। लगातार हुई बारिश से कई रास्ते बंद होने से गांवों का संपर्क टूट गया है। जिसमें यवतमाल से दारव्हा, अकोला, पुसद, आर्णी से माहुर, यवतमाल से घाटंजी, यवतमाल से अमरावती आदि रास्ते शनिवार की सुबह 10 बजे तक बंद थे। इसी प्रकार कई गांव टापू बन गए है। जिसमें यवतमाल शहर के पास का वाघाडी, महागांव तहसील का आनंद नगर, आर्णी तहसील का कवठा बाजार आदि का समावेश है। महागांव तहसील के धनोडा, खडका, पेढी में 40 से 50 लोगों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है। आर्णी के कवठा बाजार में नदी का पानी बढ़ने के कारण एक वृद्ध दम्पति को घर के छत के टीन पर चढ़ना पड़ा।
किसान पांडुरंग कार्लेवार और उनकी पत्नी रूख्मा कार्लेवार खेत में ही रहते थे। पैनगंगा नदी का पानी आने के कारण यह स्थान पानी में डूब गया है। उसी प्रकार कवठा बाजार के लोगों में महिला और छोटे बच्चों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है। महागांव तहसील के आनंद नगर तांडा में 38 लोग बाढ़़ में घिरे हैं। यवतमाल शहर के आर्णी रास्ते पर वाघाडी क्षेत्र है। यहां पर बाढ का पानी तेजी से इस तरह आया कि वह क्षेत्र टापू बन गया। इसमें एक घर की दीवार ढह जाने से मलबे के नीचे दबकर एक महिला की मौत हो गई। महिला का नाम शालू रविंद्र कांबले (35) है । इसी घर के 5 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। कलंब पुलिया पर चक्रावती नदी का पानी बहने से नागपुर मार्ग भी बंद पड़ गया ।

यवतमाल शहर में 236.2 मिमी, यवतमाल तहसील 117.5, महागांव 231, आर्णी 164, घाटंजी 142 तो कलंब, दारव्हा, दिग्रस, उमरखेड में 100 मिमी से ज्यादा बारिश पिछले 24 घंटे में दर्ज की गई है। इस बारिश का 50 वर्षों का रिकार्ड टूटा है।

डिप्टी सीएम फडणवीस ने दी बाढ़ की जानकारी
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने व्टीट कर यवतमाल जिले के बाढ़ की जानकारी दी है। जिसमें महागांव तहसील के आनंद नगर तांडा में बाढ़ में 45 लोग अटके पड़े हैं। वहां के तहसील प्रशासन से राज्य सरकार संपर्क में है। शाम तक भारतीय सेना के 2 हेलीकॉप्टर नागपुर होते हुए महागांव पहुंचेंगे। यहां पर 231 मिमी बारिश हुई है। यहां पर उनकी यवतमाल विधायक मदन येरावार से बात हुई है।

जिले से बहनेवाली 6 नदियों में बाढ़
यवतमाल जिले से बहने वाली 6 नदियों में बाढ़ जैसी स्थिति आयी है। उसमें पुस नदी, पैनगंगा, धावंडा, अडाण, वाघाडी, अरूणावती शामिल है। नालों को आयी बाढ़ से गुंज, सवना, मालकिन्ही, मालेगांव, कासारबेहल, करंजखेड से महागांव जैसे कई रास्ते बंद होकर उनका संपर्क टूटा है।

Created On :   22 July 2023 11:15 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story