अंतिम सफर: तख्त सचखंड श्री हुजूर साहिब दर्शन के लिए जा रहे पांच लोगों की सड़क हादसे में मौत

तख्त सचखंड श्री हुजूर साहिब दर्शन के लिए जा रहे पांच लोगों की सड़क हादसे में मौत
  • पांच लोग दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गए
  • चार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया
  • एक की अस्पताल में मौत

डिजिटल डेस्क, यवतमाल. नांदेड स्थित तख्त सचखंड श्री हुजूर साहिब दर्शन के लिए जा रहे पांच लोग दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गए। कलंब के चापर्डा गांव के पास सोमवार तड़के 6 बजे तेज रफ्तार कार रेत लदे ट्रक से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार सीधे ट्रक के अंदर घुस गई। इस दौरान चार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि एक की मौत अस्पताल में हुई। सभी मृतक पंजाब के शहीद भगत सिंह नगर क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मृतकोंं में भजन कौर हरनाम सिंह उम्र 60 साल, तजिन्दर सिंह परविन्दर सिंह उम्र 22 साल, जसप्रीत नहाल उम्र 39 साल निवासी कनाडा, बलबीर कौर निहाल कौर उम्र 74 साल और सुरजीत सिंह बक्षीराम सिंह उम्र 44 साल निवासी हासिमपुर शामिल हैं। हादसे के वक्त घायल जसप्रीत को बड़ी मुश्किल से गाड़ी़ से निकालकर कलंब ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया था। जहां से गंभीर हालत में उन्हें यवतमाल मेडिकल कॉलेज लाया गया था। मगर उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। घटना के समय सुरजीत सिंह नामक शख्स कार चला रहा था।


यह भी पढ़े -हरियाणा में अस्थि विसर्जन कर लौट रहे चार लोगों की सड़क हादसे में मौत

यह लोग रविवार रात नागपुर पहुंचे थे। किसी रिश्तेदार के यहां रुके थे। सुबह 4 बजे नांदेड़ साहब के लिए रवाना हो गए। पुलिस और पत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक को नींद की झपकी लगी थी। जिसके चलते हादसे का अंदेशा लगाया जा रहा है। घटना के समय ट्रक शैलेंद्र सिंह दिलीप सिंह ठाकुर नामक शख्स चला रहा था। जिसकी उम्र 55 साल रहवासी वर्धा है। ट्रक में कन्हान की रेत भरी थी। कार का नंबर पीबी 11 सीबी 4963 है। कार का अगला आधा हिस्सा चकनाचूर हो गया।

घटनास्थल पर खून, मांस के टुकड़े और डीजल फैला था

घटनास्थल चापर्डा के सीमेंट रोड पर मृतकों का खून और मांस के टुकड़े इधर-उधर बिखरे नजर आ रहे थे। कार की गति 100 किलोमीटर प्रतिघंटा होने की सूचना पुलिस और प्रत्यक्षदर्शी से दी है। हादसे के वक्त कार का डीजल टैंक भी फूट गया था। हादसे की गंभीरता देखते हुए एसपी डॉ.पवन बनसोड भी घटनास्थल पहुंचे। उनसे पहले कलंब थानेदार दीपमाला भेंडे भी अपके दल के साथ वहां पहुंच गई थीं। घायल को अस्पताल पहुंचाने में सहायता की गई। उसी प्रकार पुलिस ने शव का पंचनामा कर लाश पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दी।


मौके पर जुटी भीड़

घटनास्थल पर जब हादसा हुआ, आधा किलोमीटर दूर तक धमाका सुनाई दिया था। इसके बाद यह खबर आग की तरह पूरे जिले में फैल गई।

सिख भाइयों ने की सहायता

जैसे ही इस घटना की जानकारी यवतमाल के सिखों को मिली, उन्होंने शव यवतमाल तक लाने और शीतपेटी में रखने की व्यवस्था संभाली। कल दोपहर तक पंजाब से मृतकों के रिश्तेदार परिजन आ रहे हैं। उसके बाद शव उन्हें सौंपे जाएंगे। इस हादसे के बाद मृतकों के परिवार में मातम पसर गया है।

Created On :   1 July 2024 2:21 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story