- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- शहडोल
- /
- मिलीभगत से चल रहा अवैध होर्डिंग का...
Shahdol News: मिलीभगत से चल रहा अवैध होर्डिंग का खेल, एक में भी कार्रवाई नहीं
![मिलीभगत से चल रहा अवैध होर्डिंग का खेल, एक में भी कार्रवाई नहीं मिलीभगत से चल रहा अवैध होर्डिंग का खेल, एक में भी कार्रवाई नहीं](https://www.bhaskarhindi.com/h-upload/2025/01/31/1399138-whatsapp-image-2025-01-30-at-93705-pm.webp)
- लापरवाही : संभाग मुख्यालय में एक सैकड़ा से ज्यादा अवैध होर्डिंग
- सवाल यह कि कौन-कौन खा रहा अवैध होर्डिंग्स की काली कमाई, जिम्मेदारों ने बंद की आंखें
- अवैध होर्डिंग पर कार्रवाई के लिए कई बार सीएमओ से कहा गया।
Shahdol News: संभाग मुख्यालय में एक सैकड़ा से ज्यादा स्थानों पर अवैध होर्डिंग्स तने हैं। नियमों को ताक पर रखकर तने होर्डिंग के मामले में नगर पालिका की कार्रवाई 7 माह में नोटिस तक सीमित है। शहर में ज्यादातर होर्डिंग ऐसे हैं जो नगर पालिका में सूचीबद्ध भी नहीं है। खुलेआम अवैध होर्डिंग के खेल पर नागरिक यह भी सवाल उठा रहे हैं कि अवैध होर्डिंग की काली कमाई आखिर कौन-कौन खा रहा है।
जब होर्डिंग्स अवैध हैं तो इतने दिनों में कार्रवाई क्यों नहीं हुई? होर्डिंग्स का ही दूसरा मामला अनुबंधकर्ता से जुड़ा है। कुछ माह पहले 12 लाख रूपए से ज्यादा की बकाया का नोटिस जारी किया गया। बकाया राशि में रूपया जमा नहीं हुआ है और नगर पालिका के अधिकारी चुप्पी साधे बैठे हैं।
अवैध होर्डिंग पर कार्रवाई के लिए कई बार सीएमओ से कहा गया। हर बार जल्द कार्रवाई की बात कही गई। इस बात सख्त हिदायद देंगे कि अवैध होर्डिंग पर ठोस कार्रवाई जल्द से जल्द प्रारंभ किया जाए।
-घनश्याम जायसवाल अध्यक्ष नपा, शहडोल
कार्रवाई के नाम पर ऐसे की गई खानापूर्ति
6 सितंबर 2023 को नगर पालिका परिषद की बैठक में पार्षदों ने अवैध होर्डिंग पर ठोस कार्रवाई की बात कही। तब सीएमओ ने 15 दिन में जांच पूरी कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया पर 15 माह में कार्रवाई नहीं हुई।
23 मई 2024 को अवैध होर्डिंग पर कार्रवाई के लिए टीम का गठन किया गया। 7 दिन में रिपोर्ट मांगी और कार्रवाई की बात कही। इस पर 7 माह में कार्रवाई नहीं हुई।
अवैध होर्डिंग में नेताओं का प्रचार
शहर में तने ज्यादातर अवैध होर्डिंग में नेताओं का प्रचार है। इसमें बधाई व शुभकामना संदेशों की भरमार है। खासबात यह है कि इन होर्डिंग के एवज में नगर पालिका को बतौर टैक्स एक रूपया नहीं मिला फिर भी हटाने की कार्रवाई नहीं हुई।
ऐसे टूट रहे सरकारी नियम
सडक़ के एक ही तरफ दो होर्डिंग्स के बीच में कम से कम 50 मीटर की दूरी होनी चाहिए। शहर में अंबेडकर चौक, जयस्तंरभ चौक, जेल के सामने, रघुराज स्कूल के समीप, गांधी चौक और एमएलबी स्कूल के समीप इस नियम का खुलेआम उलंघन हो रहा है।
किसी भी शैक्षणिक संस्थान के समक्ष व परिसर पर होर्डिंग नहीं लगाए जाएंगे। शहर में स्कूलों के द्वार के किनारे ही होर्डिंग तने हैं।
मकान की छत पर होर्डिंग लगाए जाने से पहले स्ट्रक्चरल सर्टिफिकेट और बीमा प्रावधानों का पालन अनिवार्य होगा। शहर में ज्यादातर निजी मकान में नियमों का पालन किए बिना ही होर्डिंग्स तने हैं।
मुख्य मार्ग पर फुटपाथ से तीन मीटर दूरी पर होर्डिंग के स्ट्रक्चर लगाए जाने का प्रावधान है। शहर में कलेक्टर बंगला द्वार के किनारे ही इस नियम का पालन नहीं हो रहा है।
Created On :   31 Jan 2025 2:32 PM IST