तेज होता आंदोलन: पुणे- बेंगलुरु हाईवे पर टायर जलाकर ट्रैफिक रोका, मराठा आरक्षण को मिला मुस्लिम समुदाय का समर्थन, पिंपरी चिंचवड़ में सरकार का श्राद्ध

पुणे- बेंगलुरु हाईवे पर टायर जलाकर ट्रैफिक रोका, मराठा आरक्षण को मिला मुस्लिम समुदाय का समर्थन, पिंपरी चिंचवड़ में सरकार का श्राद्ध
  • उग्र रूप धारण करता जा रहा मराठा आंदोलन
  • पुणे- बेंगलुरु हाईवे पर टायर जलाकर ट्रैफिक रोका
  • पिंपरी चिंचवड़ में सरकार का श्राद्ध
  • बारामती में अन्नत्याग आंदोलन शुरू

डिजिटल डेस्क, पुणे। आरक्षण की मांग को लेकर महांराष्ट्र में मराठा आंदोलन उग्र रूप धारण करता जा रहा है। इस आग में जिला भी धधक उठा है। मंगलवार को नवले ब्रिज के पास पुणे- बेंगलुरु हाईवे पर टायर जलाकर ट्रैफिक रोक दिया गया। इसलिए वहां कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बनी रही। एक मराठा- लाख मराठा का नारा लगाते हुए हाइवे रोका गया।प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाए, इस दौरान मुंबई और सातारा की ओर जाने वाले वाहन रुके रहे। प्रदर्शनकारियों को सड़क खाली करने का निर्देश दिया गया, तब जाकर यातायात सुचारू हो सका। बीती रात दिघी में सड़कों पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया गया। इसके साथ बावधान में भी बंद बुलाया गया। जगह-जगह क्रमिक भूख हड़ताल की जा रही है।

मराठा समुदाय को आरक्षण दिलाने के लिए मनोज जारांगे पाटिल अंतरवाली सराती में भूख हड़ताल पर हैं। कई जिलों में श्रृंखलाबद्ध अनशन हो रहे हैं और कैंडल मार्च भी निकाले जा रहे हैं। बीड समेत कुछ जगहों पर आंदोलन का उग्र रूप धारण करने से जारांगे पाटिल ने शांति बनाए रखने की अपील की है। जाम्भुलवाड़ी गांव में भी गांववालों ने एकजुट होकर आरक्षण का समर्थन किया। सावित्रीबाई फुले पुणे यूनिवर्सिटी चौक पर श्रृंखलाबद्ध अनशन शुरू किया गया है। महात्मा फुले मंडी के व्यापारियों ने बुधवार (1 नवंबर) को पूर्ण बंद का आह्वान किया है। सोमवार से ही मंडी में इस तरह का बोर्ड लगा दिया गया, ताकि लोगों को परेशानी न हो।

मुस्लिम समुदाय भी समर्थन में उतरा

जारांगे पाटिल के समर्थन में कोंढवा इलाके के मुस्लिम समुदाय की ओर से जनसमर्थन और सांकेतिक उपवास सुबह 10 बजे से शुरू किया गया है। नरवीर तानाजी मालुसरे चौक, कोंढवा खुर्द में मुस्लिम फाउंडेशन, कोंढवा खुर्द, छत्रपति शिवाजी महाराज के मुस्लिम मावला और पूर्व नगरसेवक एड हाजी गफूर पठान ने अनशन शुरू किया है। सकल मराठा समाज की ओर से मंगलवार शाम 6.30 बजे मशाल मोर्चा निकाला गया। ऊ स्मारक लाल महल तक निकाला जाएगा।

पिंपरी चिंचवड़ में राज्य सरकार का श्राद्ध

आंदोलनकारी भूख हड़ताल और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते भी नजर आ रहे हैं। पिंपरी चिंचवड़ में मराठा समुदाय को आरक्षण नहीं देने वाली राज्य सरकार की दशक्रिया विधि (मृत्यु पश्चात दसवें दिन की विधि) की गई।मराठा प्रदर्शनकारियों ने सिर मुंडवाकर विरोध जताया। मराठा आंदोलनकारी सतीश काले ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार अगले दो दिनों में उचित निर्णय नहीं लेती है, तो वे और जोरदार विरोध प्रदर्शन करेंगे। आंदोलनकारियों ने शिंदे-फडणवीस-अजित पवार सरकार के खिलाफ सार्वजनिक विरोध में चिंचवड़गांव के मोरया गोसावी घाट पर श्राद्ध किया और सिर भी मुंडवाया।

वाघोली में जारी अनशन में महिलाओं का सहियोग

मराठा आरक्षण की मांग को लेकर बीती शाम वाघोली में सकल मराठा समाज की ओर से कैंडल मार्च निकाला गया। यहां मनोज जारांगे पाटिल के समर्थन में छह दिनों से चक्रीय अनशन चल रहा है, मंगलवार से इसमें महिलाएं भी शामिल होने लगी हैं। नागरिकों ने आरक्षण की मांग को लेकर मोबाइल टॉर्च के साथ पैदल मार्च किया। कैंडल मार्च छत्रपति श्री शिवाजी महाराज स्मारक के पास अनशन स्थल से शुरू हुआ, वाघोली गावठान, केयर हॉस्पिटल, नगर रोड होते हुए पुन: भूख हड़ताल स्थल पर पहुंचा। इस समय महिलाओं की उपस्थिति काफी रही।

बारामती में अन्नत्याग आंदोलन शुरू

बारामती के मराठा समुदाय के सदस्यों ने भी अपना आंदोलन तेज करने का फैसला किया है। मराठा समुदाय के चार कार्यकर्ताओं विजय गोपालराव तावरे, अमरजीत सुदामराव जगताप, गोविंद भाऊसाहेब वाघ, धनराज रणजीतसिंह नाइक निंबालकर ने आज से अन्न त्याग आंदोलन शुरू किया है। इस बीच, प्रशासन की ओर से चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं और डॉक्टरों की एक टीम कल रात से ही प्रदर्शनकारियों के स्वास्थ्य पर कड़ी नजर रख रही है। इस बीच मराठा क्रांति मोर्चा ने बताया कि प्रदर्शनकारी आज से 24 घंटे का अनशन भी करेंगे।

एक की हालत बिगड़ी

मांडनगण में तीन अनशनकारियों में एक की हालत बिगड़ने पर उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूर्व सरपंच शिवाजी कदम, सामाजिक कार्यकर्ता अंकुश जगताप मराठा आरक्षण के लिए पिछले पांच दिनों से भूख हड़ताल पर हैं, जबकि युवा कार्यकर्ता सूरज मोहन चकोर दो दिन पहले भूख हड़ताल पर बैठे हैं।

Created On :   31 Oct 2023 1:02 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story