- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- तमाम सुख-सुविधाएं होने के बावजूद...
Pune News: तमाम सुख-सुविधाएं होने के बावजूद भारतीय परिवार व्यवस्था डगमगा रही है, होसबोले ने जताई चिंता

- आरएसएस सरकार्यवाहक दत्तात्रय होसबोले ने जताई चिंता
- संकट में है परिवार की व्यवस्था,राष्ट्रहित के लिए गंभीर खतरा
- परिवार बचा रहेगा तो राष्ट्र भी मजबूत रहेगा
Pune News. चर्होली में आयोजित आरएसएस के समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाहक दत्तात्रय होसबोले ने कहा कि आधुनिक युग में तमाम सुख-सुविधाएं होने के बावजूद भारतीय परिवार व्यवस्था डगमगा रही है, जो राष्ट्रहित के लिए गंभीर खतरा है। होसबोले ने कहा कि एक हजार वर्षों तक विदेशी आक्रमणों के दौरान कई राज्यों, मंदिरों और विश्वविद्यालयों को नष्ट कर दिया गया लेकिन भारतीय जीवन मूल्यों पर आधारित परिवार व्यवस्था को आक्रमणकारी हिला नहीं सके। आज की परिस्थितियों में यह व्यवस्था संकट में है, जिससे पूरे राष्ट्र की स्थिरता प्रभावित हो सकती है।
परिवार बचा रहेगा तो राष्ट्र भी मजबूत रहेगा
होसबोले ने कहा कि परिवार बचा रहेगा तो राष्ट्र भी मजबूत रहेगा। भारतीय परिवार व्यवस्था नैतिक मूल्यों पर आधारित दुनिया की सर्वश्रेष्ठ प्रणाली है। यह संस्कार, संस्कृति, सेवा और आत्मीयता का प्रतीक है, जो राष्ट्र को भी सशक्त बनाती है। उन्होंने कहा कि परिवार में 'मातृदेवो भव, पितृदेवो भव' का भाव व्यवहार में लाना चाहिए। आधुनिक युग में परिवार व्यवस्था को बनाए रखने के लिए प्रत्येक सदस्य का प्रयास करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत और राष्ट्रीय चरित्र के विकास से ही श्रेष्ठ भारत का निर्माण संभव है।
किसी भी धार्मिक ग्रंथ में जाति आधारित भेदभाव को स्थान नहीं
होसबोले ने कहा कि हमारे धर्म में बताया गया है कि सभी में ईश्वर का अंश है। किसी भी धार्मिक ग्रंथ में जाति के आधार पर भेदभाव को स्थान नहीं दिया गया है। संतों और महापुरुषों ने भी जातिगत भेदभाव का विरोध किया था। ऐसे में यदि समाज में जाति के आधार पर भेदभाव किया जाता है, तो यह हमारे लिए कलंक है। होसबोले ने स्पष्ट रूप से कहा कि हिंदू समाज को अब जातिगत भेदभाव को पूरी तरह खत्म करना होगा। यह कार्यक्रम डूडूलगांव स्थित संत सावतामाली मंदिर परिसर में संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिला संघचालक विनोद बंसल, नगर कार्यवाह नारायण बांगर सहित कई हस्तियां उपस्थित थे। कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि आलंदी शहर व्यापारी संघ के अध्यक्ष सतीश चोरडिया ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ राष्ट्रभक्ति और संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए अतुलनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संघ का निःस्वार्थ राष्ट्रकार्य संपूर्ण समाज के लिए एक मार्गदर्शक है।
Created On :   31 March 2025 8:32 PM IST