New Delhi News: पुणे से संभाजीनगर की दूरी 2 घंटे में होगी पूरी, 2 साल में 25 हजार किलोमीटर सड़कें 4 लेन में होगी तब्दील

पुणे से संभाजीनगर की दूरी 2 घंटे में होगी पूरी, 2 साल में 25 हजार किलोमीटर सड़कें 4 लेन में होगी तब्दील

New Delhi News. पुणे से संभाजी नगर की दूरी अब कम होने जा रही है। केंद्रीय राष्ट्रीय राजमार्ग एवं सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि आने वाले समय में पुणे से संभाजी नगर के बीच की दूरी 2 घंटे में तय हो जाएगी। केंद्र सरकार पुणे से संभाजी नगर के बीच एक नया हाईवे बनाने जा रही है। 15 हजार करोड़ की लागत वाले इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के पुणे से संभाजी नगर जाना पहले से ज्यादा आसान हो जाएगा। लोकसभा में गुरुवार को शिवसेना (उद्धव) सांसद संजय जाधव के पूछे गए एक पूरक प्रश्न के जवाब में नितिन गडकरी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पुणे से संभाजी नगर एक महत्वपूर्ण मार्ग है, जो पश्चिम महाराष्ट्र को मराठवाड़ा से जोड़ता है। जिस तरह से मुंबई के साथ पूरे महाराष्ट्र का संपर्क है, उसी तरह पुणे से भी पूरे राज्य का जुड़ाव है। इसके लिए एक मार्ग निकाला गया है, पुणे से अहमदनगर के लिए संभाजी नगर का रास्ता था,ईपीसी मॉडल से इस रोड को बनाया गया है। पुणे से संभाजी नगर के लिए एक नई ग्रीन एलाइनमेंट तैयारी की है। उन्होंने कहा कि यह नया हाइवे 15 हजार करोड़ से तैयार होगा। इसकी एलाइनमेंट पक्की की है। यह अभिनव मॉडल है, जिसमें सरकार का एक भी रुपया नहीं लगेगा। जो इस काम को करेगा, उसे मोनेटाइज और सिक्युरिटाइज करेगा, जमीन अधिग्रहण करेगा वहीं इसका टोल लेगा। इस काम को महाराष्ट्र सरकार के पीडब्ल्यूडी कारपोरेशन को दिया गया है। गडकरी ने कहा कि आज पुणे से संभाजी नगर की दूरी 6 से 7 घंटे में तय होती है, लेकिन इस प्रोजेक्ट के पूरा हो जाने के बाद यह दूरी 2 घंटे में सिमट जाएगी। जाधव के एक अन्य पूरक प्रश्न के जवाब में गडकरी ने कहा कि महाराष्ट्र में शक्तिपीठ मार्ग का प्रोजेक्ट केंद्र सरकार का नहीं है। ये महाराष्ट्र सरकार की योजना है। ऐसे में इस योजना पर अमल करने या उसे रद्द करने का अधिकार राज्य सरकार को है।

2 साल में 25 हजार किमी सड़कें 2 से 4 लेन में हो जाएंगी तब्दील

केंद्र सरकार देश के राष्ट्रीय राजमार्गों पर ट्रैफिक के दबाव को कम करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। सरकार ने अगले दो वर्षों में 2 लेन की सड़कों को 4 लेन और 4 लेन की सड़कों को 6 लेन में तब्दील करने के लिए कमर कस ली है। केंद्रीय राष्ट्रीय राजमार्ग व सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को लोकसभा में यह ऐलान किया। उन्होंने कहा कि आने वाले 2 सालों में करीब 25 हजार किमी सड़कों को 2 से 4 लेन में बदल दिया जाएगा। लोकसभा में गुरुवार को प्रश्नकाल की कार्यवाही के दौरान भाजपा सांसद अनूप धोत्रे के पूछे गए एक पूरक प्रश्न का जवाब देते हुए नितिन गडकरी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आने वाले दो सालों में सरकार करीब 25 हजार किलोमीटर 2 लेन से 4 लेन, जिसकी लागत करीब 10 लाख करोड़ रुपए है, उसे मंजूर करने जा रहे हैं। इसमें से 3,500 किमी का डीपीआर बन गया है। शेष 21,500 किमी का जो शेष डीपीआर है, इसे शुरू करने का आदेश दे दिया गया है। उन्होंने कहा कि दो साल में ये सारे काम पूरे होंगे और 10 लाख करोड़ के जो प्रोजेक्ट है, उन पर काम शुरु हो जाएगा। इससे पूरे देश में ट्रैफिक के कारण होने वाले एक्सीडेंट में कमी आएगी। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि देश में 16 हजार किमी लंबी सड़कों का करीब 6 लाख करोड़ की लागत से 2 लेन से 4 लेन में बदलने का काम शुरू है।

Created On :   27 March 2025 9:21 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story