- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- राजनाथ सिंह का निशाना, बोले - राहुल...
Pune News: राजनाथ सिंह का निशाना, बोले - राहुल गांधी आरक्षण पर देश के सामने रखें ब्लू प्रिंट

- मोदी ने कहा - पिछड़े समाज को तोड़ना चाहती है कांग्रेस
- महायुति को जिताने का संदेश हर घर तक पहुंचाएं
Pune News : केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जातिगत जनगणना को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को निशाने पर लिया। शनिवार को बांद्रा पूर्व में परिश्रम संस्था की ओर से आयोजित हिंदी भाषी प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में उन्होंने कहा, राहुल कहते हैं कि मैं जातिवार जनगणना कराकर रहूंगा। राहुल को बताना चाहिए जातिवार जनगणना कराकर वे क्या करेंगे? राहुल को पहले ब्लू प्रिंट बनाकर देश के सामने रखनी चाहिए कि वह जातिगत जनगणना कराने के बाद किन-किन जातियों को कितना-कितना आरक्षण देंगे। वे जातिगत जनगणना के मुद्दे पर देश के लोगों को गुमराह कर केवल समर्थन हासिल करना चाहते हैं। सिंह ने कहा कि साल 2011 के बाद देश में जातिगत जनगणना हुई थी, जिसमें एक लाख से अधिक जातियों और उपजातियों की रिपोर्ट सामने आई थी। फिर कुछ साल पहले सामाजिक न्याय मंत्रालय ने जातिगत जनगणना कराई थी। सिंह ने कहा कि देश की जनता को गुमराह करके सरकार बनाने की कोशिश की जा रही है।
मोदी ने कहा - भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दें
उधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं से 20 नवंबर को होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में बूथ स्तर पर जीत सुनिश्चित करने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंकने को कहा। शनिवार को ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम के तहत उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं से ऑनलाइन संवाद साधा। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने कांग्रेस को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा, कांग्रेस को अपना इतिहास पता है। जब तक देश में एससी, एसटी और ओबीसी को इसकी जानकारी नहीं थी, तब तक कांग्रेस केंद्र में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाती थी। जब से ये समुदाय एकजुट हुए हैं, कांग्रेस की स्थिति कमजोर होती जा रही है। इसलिए कांग्रेस अब एससी, एसटी और ओबीसी को इस हद तक तोड़ना चाहती है कि कांग्रेस का मुकाबला करने की कोई ताकत ही न बचे। आघाड़ी पर लगाया झूठ फैलाने का आरोप मोदी ने कहा कि प्रदेश की महायुति सरकार मराठी गौरव को बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है। महाराष्ट्र में विपक्षी महाविकास आघाड़ी (एमवीए) पर झूठ फैलाने का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को विपक्ष के झूठ के बारे में मतदाताओं को जागरुक करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मैं जहां भी गया, वहां देखा कि महाराष्ट्र के लोग महायुति की सरकार से खुश हैं। प्रदेश की जनता चाहती है कि महायुति सरकार अगले पांच साल तक बनी रहे।
महायुति को जिताने का संदेश हर घर तक पहुंचाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी के बूथ कार्यकर्ताओं से महायुति को जिताने का संदेश हर घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, अब चुनाव का दिन बहुत नजदीक है। आपने पिछले कई महीनों से जो साधना की है, उसकी सिद्धि का समय आ गया है। प्रधानमंत्री ने पार्टी के बूथ कार्यकर्ताओं को मतदाताओं के बीच पार्टी का संदेश पहुंचाने के लिए पेशेवर लोगों को अपने साथ जोड़ने की सलाह दी।
Created On :   17 Nov 2024 4:26 PM IST