पुणे: पुलिस आयुक्तालय के लिए चारागाह की जमीन देने का विरोध

पुलिस आयुक्तालय के लिए चारागाह की जमीन देने का विरोध
  • देहूगांव रहा बंद
  • चारागाह भूमि का उपयोग विकासकामों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए करने के मांग

डिजिटल डेस्क, पुणे। जिले में पिंपरी चिंचवड़ से सटे तीर्थक्षेत्र देहूगांव में चारागाह की जमीन पिंपरी चिंचवड़ पुलिस आयुक्तालय के लिए देने की योजना बनाई जा रही है। इसका देहूगांव के रहवासियों ने पुरजोर विरोध किया है। शुक्रवार को इसी विरोध के चलते देहूगांव में बंद का ऐलान किया गया था। देहू संस्थान और ग्रामीणों का कहना है कि, देहू में जो जगद्गुरु श्री संत तुकाराम महाराज की जन्म और कर्मभूमि है ग्रुप नं. 97 की चारागाह भूमि का उपयोग देहू की विभिन्न परियोजनाओं और विकास कार्यों के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किया जाए, इसे किसी को नहीं दिया जाना चाहिए। इस भूमि की रक्षा के लिए देहुकारों ने अपनी परंपरा के अनुसार टाल मृदंग के साथ मोर्चा निकाला। इस मोर्चे के बाद उपजिलाधिकारी संजय असवाले एवं अपर तहसीलदार डाॅ. अर्चना निकम की ओर एक ज्ञापन दिया गया।

मोर्चा में शामिल प्रदर्शनकारियों का कहना है कि तीर्थक्षेत्र देहूगांव में श्रद्धालुओं की संख्या दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है और गांव की आबादी जो पहले 10 हजार थी वह बढ़कर 70 हजार हो गयी है। चूंकि जगह और विस्तार सीमित है, इसलिए क्षेत्र भी सीमित रह गया है। बढ़ती जनसंख्या और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के कारण देहु की चारागाह भूमि का उपयोग श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न सुविधाओं, विभिन्न विकास परियोजनाओं और विकासकामों के लिए किया जाना चाहिए। इसलिए किसी को भी जगह न दें। इस भूमि को लेकर कोई भी निर्णय लेने से पहले देहू नगर पंचायत के जन प्रतिनिधि एवं प्रशासन तथा श्री संत तुकाराम महाराज संस्थान के अध्यक्ष, ट्रस्टियों एवं ग्रामीणों को विश्वास में लेना चाहिए। अन्यथा उग्र आंदोलन किया जाएगा, यह चेतावनी भी इस दौरान दी गयी।

घोषित देहू बंद में स्थानीय व्यापारियों सहित क्षेत्र के सभी व्यवसाय बंद थे और सभी ने मोर्चा में अपना समर्थन दिखाया। इस बंद और मोर्चे के दौरान कोई अनुचित घटना न हो इसके लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। श्री संत तुकाराम महाराज संस्थान, स्थानीय नगरसेवकों, देहुकर ग्रामीणों, वारकरियों, सेवकों ने सुबह लगभग 10:30 बजे महाद्वार चौक मुख्य मंदिर से दिंडी मोर्चा निकाला। दिंडी मोर्चा 14 टालकरी के मुख्य प्रवेश द्वार के पास पहुंचने के बाद, यह मोर्चा एक सभा में बदल गया। इस सभा को देहु संस्थांन के अध्यक्ष पुरूषोत्तम महाराज मोरे, ट्रस्टी भानुदास महाराज मोरे, नगरसेवक योगेश परंडवाल, शैलेश चव्हाण ने संबोधित किया। इसके बाद उपजिलाधिकारी संजय असवाले, हवेली अपर तहसीलदार डाॅ. अर्चना निकम को एक ज्ञापन दिया गया। तहसीलदार निकम ने आश्वासन दिया कि उनकी बात प्रशासन तक पहुंचा दी जाएगी। देहुरोड पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक दिगंबर सूर्यवंशी, प्रभागाधिकारी सुरेंद्र जाधव, ग्राम पटवारी सूर्यकांत काले बड़ी संख्या में उपस्थित थे।



Created On :   13 Oct 2023 1:39 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story