लूटपाट: दिनदहाड़े ज्वेलर्स की दुकान में घुसे सात नकाबपोश, पिस्तौल के दम पर 20 लाख का माल लूटा

दिनदहाड़े ज्वेलर्स की दुकान में घुसे सात नकाबपोश, पिस्तौल के दम पर 20 लाख का माल लूटा
  • बी.जी.एस. ज्वेलर्स के यहां डकैती
  • सीसीटीवी में कैद हुए आरोपी
  • जान से मारने की धमकी देकर माल बंटोरा

डिजिटल डेस्क, पुणे। पुणे के वानवडी इलाके में दिनदहाड़े एक ज्वेलर्स के यहां डकैती डाली गई। आरोपी 20 लाख रुपए से ज्यादा का मॉल लूटकर ले गए हैं। यह घटना महंमदवाडी में शनिवार दोपहर 12.30 बजे बी.जी.एस. ज्वेलर्स के यहां हुई। आरोपी पिस्तौल लेकर दुकान में घुसे थे। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर 12.30 बजे के करीब बदमाशों ने डकैती को अंजाम दिया है। जहां यह दुकान है वह काफी भीड़ वाला क्षेत्र है। आरोपी बाइक पर सवार होकर आए थे। इनकी संख्या सात बताई जा रही है। दुकान के अंदर तीन से चार आरोपी ही गए अन्य बाहर पहरेदारी कर रहे थे। पहले तो आरोपी सोना-चांदी खरीदने के बहाने से अंदर घुसे लेकिन मौका मिलते ही पिस्तौल निकालकर सभी को अपनी-अपनी जगह खड़े रहने को कहा। दुकान मालिक व कर्मचारियों को इन्होंने जान से मारने की धमकी भी दी। आरोपियों ने आभूषण बंटोरना शुरू किया। जैसे ही इनका काम हो गया ये भाग निकले।

घटना की जानकारी मिलने पर अपराध शाखा के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेश बलकवडे, उपायुक्त अमोल झेंडे, परिमंडल पांच के उपायुक्त आर. राजा मौके पर पहुंचे। उन्होंने जांच टीम को आरोपियों का पता लगाने का आदेश दिया। यह पता चलने के बाद कि चोर दोपहिया वाहन पर आए थे, पुलिस ने हडपसर, वानवडी, कोंढवा इलाकों की घेराबंदी की। संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी गई है। सड़कों पर लगे कैमरों से भी पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। आरोपियों ने अपना चेहरा रूमाल से ढंक रखा था। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया है कि अब नागरिक दिन में भी सुरक्षित नहीं हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


Created On :   18 May 2024 1:37 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story