Panna News: पुरानी जेल बिल्डिंग की जर्जर दीवारें बनीं खतरा, कभी भी हो सकता है बडा हादसा

पुरानी जेल बिल्डिंग की जर्जर दीवारें बनीं खतरा, कभी भी हो सकता है बडा हादसा
  • पुरानी जेल बिल्डिंग की जर्जर दीवारें बनीं खतरा
  • कभी भी हो सकता है बडा हादसा

Panna News: शहर के साप्ताहिक रविवारीय बाजार में स्थित परेड ग्राउंड के सामने बनीं पुरानी जेल बिल्डिंग की दीवारें अब पूरी तरह से जर्जर हो चुकी हैं और कभी भी गिर सकती हैं। यह दीवारें शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से लगी हुईं हैं। इन दीवारों के गिरने का खतरा लगातार बढता जा रहा है जिससे स्थानीय लोगों को बीच चिंता व्याप्त है। रविवार को यहां लगने वाले साप्ताहिक बाजार में भारी भीड़ जुटती है। विशेष रूप से सब्जी मंडी के कारण यहां लोगों का जमावड़ा अधिक रहता है। ऐसे में इस जर्जर दीवार का गिरना किसी बड़े हादसे को जन्म दे सकता है। स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने प्रशासन से इस समस्या पर जल्द से जल्द ध्यान देने की मांग की है।

नवीन दीवार निर्माण की आवश्यकता

क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस बिल्डिंग की दीवारें कई वर्षों से खराब हालत में हैं। समय के साथ इनकी स्थिति इतनी बदतर हो गई है कि हल्की बारिश या तेज हवा में इनके गिरने का खतरा बना रहता है। दीवारों पर जगह-जगह दरारें आ चुकी हैं और ईंटें बाहर निकलने लगी हैं। स्थानीय नागरिक अंकित गुप्ता ने बताया कि यहां हर रविवार सब्जी मंडी लगती है। कई बार बच्चों और बुजुर्गों को इसी जर्जर दीवार के पास से गुजरते हुए देखा जाता है। प्रशासन को चाहिए कि जल्द से जल्द इन दीवारों को गिराकर नई दीवार का निर्माण कराए।

स्कूल के बच्चों की सुरक्षा भी दांव पर

यह दीवार शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से सटी हुई है जहां सैकड़ों छात्राएं पढ़ाई करती हैं। अभिभावकों ने भी इस स्थिति पर चिंता व्यक्त की है। माता-पिता का कहना है कि स्कूल प्रशासन और जिला प्रशासन को इस मुद्दे पर संज्ञान लेना चाहिए।

विद्यालय की एक शिक्षिका ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि हमने कई बार इस दीवार की जर्जर स्थिति को लेकर संबंधित अधिकारियों को सूचित किया है लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। हमें डर है कि यह दीवार कभी भी गिर सकती है जिससे बड़ी दुर्घटना हो सकती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या की अनदेखी कर रहा है। नागरिकोंं ने नगर पालिका और जिला प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की है।

Created On :   4 Feb 2025 10:41 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story