- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- व्यायाम शाला निर्माण पूरा पर...
Panna News: व्यायाम शाला निर्माण पूरा पर सुविधाओं का इंतजार जारी, लाखों की इमारत होने लगी क्षतिग्रस्त
![व्यायाम शाला निर्माण पूरा पर सुविधाओं का इंतजार जारी, लाखों की इमारत होने लगी क्षतिग्रस्त व्यायाम शाला निर्माण पूरा पर सुविधाओं का इंतजार जारी, लाखों की इमारत होने लगी क्षतिग्रस्त](https://www.bhaskarhindi.com/h-upload/2025/02/03/1399848-whatsapp-image-2025-02-02-at-190557-1.webp)
- व्यायाम शाला निर्माण पूरा पर सुविधाओं का इंतजार जारी
- लाखों की इमारत होने लगी क्षतिग्रस्त
Panna News: नगर पालिका परिषद पन्ना द्वारा वार्ड क्रमांक ०6 में स्थित प्राचीन पल-पल बाबा अखाड़ा परिसर में व्यायाम शाला निर्माण कार्य की शुरुआत 28 मार्च 2022 को तत्कालीन खनिज मंत्री एवं पन्ना विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह द्वारा भूमि पूजन के साथ की गई थी। इस प्राचीन स्थल का महत्व पन्ना की सांस्कृतिक धरोहर के रूप में विशेष रूप से है। स्थानीय लोगों की लंबे समय से यह मांग थी कि अखाड़ा परिसर का पुनर्निर्माण कर इसे एक आधुनिक व्यायाम शाला का स्वरूप दिया जाए। 32 लाख 57 हजार रुपए की लागत से व्यायाम शाला का निर्माण कार्य समय पर पूरा हो गया लेकिन आज दो वर्षों के बाद भी यह शाला चालू नहीं हो सकी है जिससे स्थानीय लोगों में गहरी नाराजगी देखी जा रही है।
उपकरणों की कमी से अधूरी पड़ी सुविधा
भले ही व्यायाम शाला का निर्माण कार्य समय पर पूरा हो गया हो लेकिन इसके अंदर आवश्यक उपकरणों की अब तक कोई व्यवस्था नहीं की जा सकी है। व्यायाम प्रेमियों को इस कमी के कारण नियमित रूप से अपनी दिनचर्या जारी रखने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अखाड़ा परिसर जहां पहले युवाओं को व्यायाम और प्राचीन शारीरिक कलाओं की शिक्षा का केंद्र हुआ करता था आज वहां सन्नाटा पसरा हुआ है। बिना उपकरणों के व्यायाम शाला केवल एक इमारत बनकर रह गई है।
क्षतिग्रस्त हो रही है लाखों की इमारत
सबसे चिंताजनक स्थिति यह है कि रखरखाव की कमी के कारण लाखों रुपए की लागत से निर्मित इस इमारत के शीशे टूटने लगे हैं। समय पर उचित देखरेख और मरम्मत कार्य न होने के कारण यह इमारत धीरे-धीरे अपनी चमक खो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया तो भविष्य में यह भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो सकता है।
नगर पालिका अधिकारी ने दी सफाई
इस संबंध में जब मुख्य नगर पालिका अधिकारी शशि कपूर गढ़पाले से बात की गई तो उन्होंने अपनी सफाई देते हुए बताया कि व्यायाम शाला के उपकरणों की खरीद के लिए अलग से टेंडर प्रक्रिया की जानी है। उन्होंने कहा कि रखरखाव की समस्याओं के लिए स्टाफ की कमी एक बड़ी चुनौती है। हालांकि जल्द ही व्यायाम शाला में एक कर्मचारी की नियुक्ति की जाएगी जो रखरखाव कार्य की देखरेख करेगा।
स्थानीय लोगों की मांग
स्थानीय नागरिकों का मानना है कि यह व्यायाम शाला न केवल शारीरिक स्वास्थ्य का केंद्र थी बल्कि यहां प्राचीन व्यायाम कला की शिक्षा भी दी जाती थी। स्थानीय निवासी ने कहा कि व्यायाम शाला को जल्द से जल्द शुरू किया जाए और आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाए। यह पन्ना की सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है और युवा पीढ़ी के लिए इसका पुन: संचालन जरूरी है।
प्र्रशासन की लापरवाही पर उठे सवाल
शहरवासियों का मानना है कि इतनी बड़ी लागत से निर्मित भवन की दुर्दशा प्रशासन की लापरवाही का परिणाम है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि भवन का समय पर रखरखाव नहीं किया गया तो भविष्य में यह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो सकता है। नगर प्रशासन को इसकी देखभाल के लिए नियमित रूप से निरीक्षण और मरम्मत कार्य कराना चाहिए।
भविष्य में संभावनाओं का इंतजार
पन्ना शहर के विकास की दिशा में व्यायाम शाला का निर्माण एक महत्वपूर्ण कदम था। इसका उद्देश्य स्थानीय युवाओं को आधुनिक व्यायाम सुविधाएं प्रदान करना था जिससे वह शारीरिक रूप से मजबूत बन सकें लेकिन सुविधाओं की अनुपलब्धता और रखरखाव की कमी ने इस पहल को अधर में डाल दिया है। नगर प्रशासन द्वारा उपकरणों की खरीद और रखरखाव कार्य में देरी से स्थानीय लोग हताश महसूस कर रहे हैं।
प्रशासन की जिम्मेदारी
व्यायाम शाला को सुचारू रूप से चालू करना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। यदि समय पर उपकरणों की व्यवस्था कर दी जाए और रखरखाव के लिए उचित स्टाफ नियुक्त किया जाए तो यह व्यायाम शाला न केवल पन्ना शहर के लिए गौरव का विषय बनेगी बल्कि युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्त्रोत भी साबित होगी। स्थानीय नागरिकों और प्रशासन के बीच संवाद स्थापित कर इस समस्या का समाधान जल्द से जल्द किया जाना चाहिए। अब यह देखना होगा कि प्रशासन इस दिशा में कितनी तेजी से कदम उठाता है और व्यायाम शाला को कब तक लोगों के लिए चालू किया जाता है।
पार्षद ने जल्द से जल्द साम्रगी दिलाये जाने रखी मांग
वार्ड पार्षद शैलेष प्रताप संतोष साहू ने नगर पालिका परिषद के सीएमओ से मांग की है कि ठेकेदार के माध्यम से व्यायाम की साम्रगी उपलब्ध करवाई जानी थी लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई कार्यवाही नही कि इस सम्बंध में त्वरित कार्यवाही की जाए।
Created On :   3 Feb 2025 1:27 PM IST