Panna News: गैर परंपरागत कृषि कर किसान समृद्धशाली बनें: जिपं अध्यक्ष

गैर परंपरागत कृषि कर किसान समृद्धशाली बनें: जिपं अध्यक्ष
  • गैर परंपरागत कृषि कर किसान समृद्धशाली बनें: जिपं अध्यक्ष
  • जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत ग्राम जरूआपुर में हुआ जल चौपाल का आयोजन

Panna News: जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा गुरूवार को पन्ना विकासखण्ड की ग्राम पंचायत मनौर के जरूआपुर ग्राम में कृषक जल चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल सह कार्यशाला में उपस्थित किसानों को जल के उचित प्रबंधन के लिए सूक्ष्म सिंचाई पद्धति का उपयोग कर उत्पादन बढाने के बारे में जागरूक किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कृषकों को उद्यानिकी फसलों की खेती और विभागीय योजनाओं का लाभ प्राप्त कर उन्नतशील खेती करने के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मीना राजे बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं। उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि जरूआपुर एवं कुंजवन क्षेत्र के कृषक अपने परिश्रम की बदौलत बेहतर कृषि एवं सब्जी उत्पादन कर रहे हैं। साथ ही विभागीय योजनाओं की मदद से आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त कर आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए भी प्रयत्नशील हैं। यह सराहनीय कार्य अन्य कृषकों के लिए भी अनुकरणीय है। जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी ने जरूआपुर गांव में जल चौपाल और किसानों द्वारा पानी के सीमित संसाधन के बावजूद आधुनिक एवं उन्नत खेती के प्रयासों की सराहना करते हुए जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल स्त्रोतों के संरक्षण और पानी बचाने के लिए जनसहभागिता की अपील की।

उन्होंने कहा कि किसान फसल कटाई के बाद नरवाई न जलाएं। इससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति प्रभावित होती है। जिपं सीईओ ने अन्य ग्रामवासियों से भी खेती में नवाचार के जरिए पैदावार बढाने और इसके लिए अन्य कृषकों को भी जागरूक करने की नसीहत दी। परियोजना अधिकारी संजय सिंह परिहार द्वारा विभागीय प्रयास से जिले में प्रदेशव्यापी जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत क्रियान्वित विभिन्न कार्यों के बारे में अवगत कराया गया। सहायक संचालक उद्यानिकी पी.के. श्रीवास्तव ने अभियान के दौरान आयोजित की जाने वाली तीन विभागीय गतिविधियों के बारे में जानकारी प्रदान की गई। साथ ही किसानों से टपक सिंचाई के माध्यम से सब्जी उत्पादन करने तथा इससे पानी की बचत के बारे में भी अवगत कराया। ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी संजीत सिंह बागरी ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस दौरान विभाग की विभिन्न योजनाओं और उद्यानिकी खेती के लिए किसानों को लाभप्रद जानकारी से अवगत कराया। कार्यक्रम में सरपंच प्रकाश मजूमदार सहित तकनीकी सहायक आरती सिंह एवं बडी संख्या में स्थानीय कृषक भी उपस्थित रहे।

खेत में सब्जी उत्पादन का किया अवलोकन

जिला पंचायत अध्यक्ष सहित अधिकारियों द्वारा जरूआपुर गांव में कृषक सुब्रत कुमार मलिक के खेत में पहुंचकर सब्जी उत्पादन प्रक्रिया का अवलोकन किया गया। इस दौरान कृषक द्वारा बेहतर पैदावार के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई। साथ ही ड्रिप सिंचाई एवं मल्चिंग पद्धति से सब्जी उत्पादन की विस्तृत प्रक्रिया के बारे में भी अवगत कराया गया। कार्यक्रम में उन्नत तकनीक के जरिए टमाटर का उत्पादन करने वाले किसान दुर्गा प्रसाद कुशवाहा ने अपने अनुभव भी साझा किए।

Created On :   18 April 2025 11:56 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story