- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- जिला चिकित्सालय के सामने लाखों का...
Panna News: जिला चिकित्सालय के सामने लाखों का निर्माण बेकार, दुर्गंध और कचरे से परेशान लोग

- जिला चिकित्सालय के सामने लाखों का निर्माण बेकार, दुर्गंध और कचरे से परेशान लोग
- संरचना का उद्देश्य अब तक अज्ञात, अव्यवस्था से जनता त्रस्त
- लाखों की लागत लेकिन उपयोग शून्य
Panna News: जिला चिकित्सालय के सामने मर्चुरी के पास लाखों रुपए की लागत से सीमेंट और कंक्रीट से पक्के पिलर द्वारा एक निर्माण कार्य किया गया था। यह निर्माण कार्य क्यों और किस उद्देश्य से किया गया इसकी जानकारी किसी के पास नहीं है। स्थिति यह है कि इस स्थान का उपयोग कचरा डालने और खुले में पेशाब करने के लिए किया जा रहा है। स्थानीय निवासियों और अस्पताल आने वाले मरीजों का कहना है कि यह निर्माण कार्य केवल पैसे की बर्बादी साबित हुआ है। कई लोगों ने आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा इस जगह का सही उपयोग सुनिश्चित नहीं किया गया और इसे यूं ही छोड़ दिया गया।
मर्चुरी के पास गंदगी और दुर्गंंध का साम्राज्य
जहां एक ओर मर्चुरी में रोजाना पोस्टमार्टम होते हैं वहीं उसके ठीक बगल में सीटी स्कैन सेंटर और दवा की दुकानों का संचालन होता है। इसके बावजूद इस जगह पर कचरा फेंकने और खुले में शौंच करने जैसी समस्याओं ने दुर्गंध को बढ़ा दिया है। यहां आने वाले मरीज और उनके परिजन लगातार इस दुर्गंध और अस्वच्छता से परेशान हैं। स्थानीय निवासी बताते हैं कि जगह पर सफाई के नाम पर कोई व्यवस्था नहीं की गई है। कचरे के ढेर के साथ-साथ पानी का जमाव भी बना हुआ है जिससे मच्छरों का प्रकोप बढऩे का खतरा है। यह स्थिति स्वास्थ्य सेवाओं के लिए गंभीर चुनौती पेश कर रही है।
सरकार और प्रशासन की चुप्पी पर सवाल
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से इस मुद्दे को सुलझाने की मांग की है। सवाल यह उठता है कि जब लाखों रुपए खर्च कर इस संरचना का निर्माण किया गया तो इसका उद्देश्य स्पष्ट क्यों नहीं किया गया। क्या यह अस्पताल की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए बनाया गया था या किसी और कारण से यह भी गौर करने वाली बात है कि निर्माण कार्य के बाद से ही इस स्थान पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। ऐसे में प्रशासन की निष्क्रियता और जवाबदेही पर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों ने की ठोस कार्रवाई की मांग
इस अव्यवस्था से परेशान लोगों ने मांग की है कि इस जगह को साफ.-सुथरा किया जाए और इसका सही उपयोग सुनिश्चित किया जाए। कुछ लोगों ने सुझाव दिया है कि इस स्थान को पार्किंग या अन्य सार्वजनिक सुविधा के रूप में विकसित किया जा सकता है। वहीं प्रशासन से मांग है कि नियमित सफाई अभियान चलाया जाए और इस जगह से पानी के भराव और कचरे की समस्या को दूर किया जाए।
सरकार को देना होगा जवाब
यह घटना प्रशासनिक लापरवाही का उदाहरण है जहां लाखों रुपए खर्च करने के बावजूद उसका कोई सही उपयोग नहीं हो रहा। इस मुद्दे पर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए जिससे मरीजों और स्थानीय निवासियों को राहत मिल सके। ऐसी घटनाएं न केवल सरकारी योजनाओं की विफलता को दर्शाती हैं बल्कि जनता के पैसे की बर्बादी का भी प्रमाण हैं। क्या प्रशासन इस समस्या को गंभीरता से लेगा यह तो समय ही बताएगा।
इनका कहना है
यह जानकारी मुझे नहीं है कि इसका निर्माण किसलिए कराया था उसकी छत कमजोर है उसको डिस्मेंटल करवाया जाना है।जहाँ गन्दगी का सवाल है उसके लिए नगर पालिका परिषद को पत्र लिखा गया है कचरा उठाने की जिम्मेदारी नगर पालिका की है कचरा एकत्रित करवा दिया जाता हैं।
डॉ. आलोक गुप्ता, सिविल सर्जन जिला चिकित्सालय पन्ना
Created On :   15 Jan 2025 11:51 AM IST