युवक की मौत पर हंगामा, शव रखकर प्रदर्शन

ग्वारीघाट रोड पर खंदारी नाला के पास करीब एक घंटे तक लगा रहा जाम युवक की मौत पर हंगामा, शव रखकर प्रदर्शन

डिजिटल डेस्क जबलपुर। ग्वारीघाट थाना क्षेत्र में रहने वाले एक 20 वर्षीय युवक रमन पटेल की जहर खाने से मौत गई। युवक की मौत को लेकर परिजनों ने जमकर हंगामा करते हुए खंदारी नाला के पास मुख्य मार्ग पर शव रखकर चकाजाम प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों को आरोप था कि मृतक के खिलाफ छेडख़ानी का झूठा मामला दर्ज किए जाने से आहत होकर युवक ने आत्महत्या की है। करीब एक घंटे चले प्रदर्शन के दौरान पुलिस अधिकारियोंं ने निष्पक्ष जाँच का भरोसा दिलाया, उसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। जानकारी के अनुसार ग्वारी ग्राम में रहने वाले युवक रमन पटेल के खिलाफ विगत 21 दिसम्बर को छेडख़ानी व अपहरण का मामला दर्ज किया गया। वहीं रमन की रिपोर्ट पर छेडख़ानी की रिपोर्ट दर्ज कराने वाली युवती के परिजनों के खिलाफ मारपीट की जाने का मामला दर्ज किया गया। इसके बाद रमन ने जहर का सेवन कर लिया। उसे इलाज के लिए विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत में सुधार होने पर उसे डिस्चार्ज करा लिया गया। परिजनों का कहना था कि शनिवार की रात युवती के परिजन उसके घर पहुँचे और रमन से मारपीट की गई जिससे उसकी तबीयत बिगड़ी और उसे अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर टीआई भूमेश्वरी चौहान ने निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
प्रताडऩा का लगाया आरोप
रविवार की दोपहर मृतक रमन की शवयात्रा निकाले जाने के दौरान परिजनों ने ग्वारीघाट रोड पर खंदारी नाला के पास शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका कहना था कि युवती ने मृतक से लाखों रुपए ऐंठे और मामला दर्ज कराया। प्रताडऩा के चलते उसने आत्महत्या की है। आक्रोशित परिजन युवती व उसके परिजनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की माँग कर रहे थे।
दोनों तरफ लगी वाहनों की कतार
खंदारी नाला मुख्य मार्ग पर चकाजाम किए जाने से ग्वारीघाट जाने वाले मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रदर्शन के चलते झंडाचौक से खंदारी नाला और सुखसागर वैली की ओर से ग्वारीघाट जाने के लिए कोई वैकल्पिक मार्ग नहीं होने से लोग घंटों जाम में फँसे रहे। प्रदर्शन समाप्त होने के बाद पुलिस ने आवागमन सुचारु बनाया।
 

 

Created On :   8 Jan 2023 10:10 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story