- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- लोगों ने शैक्षणिक संस्थानों के...
Nagpur News: लोगों ने शैक्षणिक संस्थानों के गौरवशाली इतिहास को समझा, हेरिटेज वॉक का आयोजन

- वर्ल्ड हेरिटेज डे' पर हेरिटेज वॉक का आयोजन
- शैक्षणिक संस्थानों के गौरवशाली इतिहास को समझा
Nagpur News. विश्व धरोहर दिवस' (वर्ल्ड हेरिटेज-डे) के उपलक्ष्य में शैक्षणिक विरासत को उजागर करने के लिए हेरिटेज वॉक का आयोजन किया गया। "नागपुर में विश्वविद्यालयों और संस्थानों की विकास यात्रा' विषय पर आधारित इस वॉक में नागपुर के ऐतिहासिक शैक्षणिक संस्थानों को जानने और समझने का लोगों को अवसर मिला। वॉक का आयोजन ‘द नागपुर टेल्स’ और महाराष्ट्र पर्यटन विकास महामंडल ने संयुक्त रूप से किया। वॉक की शुरुआत महाराजबाग रोड स्थित 1906 में स्थापित कृषि महाविद्यालय से हुई, जिसे पहले विक्टोरिया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के नाम से जाना जाता था।
इसके बाद प्रतिभागी रेड क्रॉस स्ट्रीट की ओर बढ़े, जहां नागपुर विश्वविद्यालय से जुड़ी अनेक ऐतिहासिक इमारतें मौजूद हैं। इस दौरान लोगों को इन संस्थानों की वास्तुकला और इतिहास से जुड़ी अनेक रोचक जानकारियां प्राप्त हुईं। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को नागपुर की शैक्षणिक धरोहरों के महत्व से अवगत कराना था। प्रतिभागियों ने इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस, नागपुर विवि और कृषि महाविद्यालय जैसी संस्थाओं के गौरवशाली इतिहास को नजदीक से देखा और जाना। इन संस्थानों ने विश्व स्तर पर अनेक नेताओं, वैज्ञानिकों और शिक्षाविदों को तैयार किया है।
संरक्षण की जरूरत है
इस संबंध में आर्किटेक्ट संदीप पथे बताते हैं कि वॉक के दौरान पता चला कि 100 से 150 वर्ष पुराने ये ऐतिहासिक संस्थान उपेक्षा के शिकार हैं। इन भवनों की खस्ता हालत उनकी पीड़ा को दर्शाती है। ज्ञान का प्रकाश फैलाने वाली इन इमारतों को अब संरक्षण की आवश्यकता है। नागरिकों को इन धरोहरों के संरक्षण की दिशा में मिलकर काम करने की आवश्यकता है, ताकि यह विरासत आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित रह सकें।
Created On :   20 April 2025 4:19 PM IST