- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- उद्धव-राज-तावड़े सहित दिग्गजों ने...
उद्धव-राज-तावड़े सहित दिग्गजों ने किया मतदान, जोशी ने वोट न डालने वालों को बताया अपराधी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में मुंबई में विभिन्न दलों के दिग्गज नेताओं ने मतदान किया। राष्ट्रवादी कांग्रेस के अध्यक्ष शरद पवार ने पेडर रोड के मतदान केंद्र मतदान किया। पवार ने कहा कि देश को स्थिर सरकार की जरूरत है। उन्होंने लोगों से अपील की कि स्थिर सरकार के लिए मतदान करें।


मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने भी परिवार के सदस्यों के साथ दादर के बालमोहन विद्या मंदिर के मतदान केंद्र में मतदान किया। राज लगभग पौने दो घंटे कतार में खड़े रहे।

विलेपार्ले पूर्व में भाजपा के वरिष्ठ नेता व प्रदेश के शिक्षा मंत्री विनोद तावडे ने अपनी पत्नी वर्षा तावडे और बेटी अन्वी तावडे के साथ मतदान किया। तावडे की बेटी अन्वी ने पहली बार मतदान किया। इसके अलावा राष्ट्रवादी कांग्रेस के नेता व पूर्व राज्य मंत्री सचिन अहिर, प्रदेश भाजपा की कोषाध्यक्ष सायना एन सी समेत कई दिग्गज नेताओं और उम्मीदवारों ने मताधिकार का इस्तेमाल किया। आरपीआई के अध्यक्ष व केंद्रीय सामाजिक न्याय व अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले ने अनपी पत्नी सीमाताई आठवले के साथ बांद्रा पूर्व स्थित नवजीवन स्कूल के मतदान केंद्र में मतदान किया। दक्षिण मुंबई सीट से कांग्रेस उम्मीदवार मिलिंद देवडा ने कहा कि कांग्रेस मुद्दों पर चुनाव लड़ रही है। भाजपा और शिवसेना भावनात्मक मुद्दों पर चुनाव लड़ रहती है। उपनगर बांद्रा में मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार ने वोटिंग की।

उत्तर- मध्य मुंबई सीट से भाजपा उम्मीदवार पूनम महाजन ने मतदान के बाद कहा कि इस बार मोदी लहर नहीं बल्कि मोदी सुनामी है। यह सुनामी सभी विपक्षी पार्टियों को खत्म कर देंगी। हम मुंबई में छक्का मारेंगे। वहीं शिवसेना के वरिष्ठ नेता व पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर जोशी ने वोटिंग की। जोशी ने कहा कि मैं मुंबई मनपा का महापौर, प्रदेश का मुख्यमंत्री और लोकसभा का अध्यक्ष रह चुका हूं। इसलिए मुझे मतदान का महत्व पता है। जोशी ने कहा कि जो वोट डालता है उसे सरकार की गलितयों के खिलाफ बोलने का अधिकार रहता है। मेरा व्यक्तिगत विचार है कि जो लोग मतदान नहीं करते हैं वे लोग देश के अपराधी होते हैं।

शिवसेना पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे ने परिवार के सदस्यों के साथ दादर में मतदान किया।
Created On :   29 April 2019 9:13 PM IST