- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- मुंबई और पुणे में जड़ जमाने की...
Mumbai News: मुंबई और पुणे में जड़ जमाने की फिराक में बिश्नोई गैंग, भटके युवकों की कर रहा भर्ती

- दोनों शहरों के भटके युवकों की गिरोह में कर रहा भर्ती
- मुंबई और पुणे में जड़ जमाने की फिराक में बिश्नोई गैंग
- सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर
Mumbai News. दिवाकर सिंह। कलाकार, नेता और कारोबारियों को धमकी और उन पर हमले करवाकर दहशत कायम करने की कोशिश कर रहे बिश्नोई गिरोह के निशाने पर मुंबई और पुणे शहर है। शहर में अब तक गिरोह ने जिन वारदातों को अंजाम दिया है, उसमें ज्यादातर पुणे के युवकों का इस्तेमाल किया है। जांच एजेंसी से जुड़े सूत्रों की मानें तो लॉरेंस बिश्नोई प्रदेश में अपना गिरोह को बढ़ाने की तैयारी में है और इसके लिए उसके निशाने पर मुंबई और पुणे के भटके हुए और मजबूर युवक हैं। इन युवकों को वरगलाने के लिए बिश्नोई गैंग प्रसिद्धि मिलने और इलाके में दबदबा कायम होने जैसे झांसे दे रहा है। इन युवकों की भर्ती सोशल मीडिया के जरिए बिश्नोई गैंग के गुर्गे कर रहे हैं। इस जानकारी के सामने आने के बाद मुंबई और पुणे पुलिस सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखे हुए है।
केंद्रीय जांच एजेंसियों के सूत्रों की मानें तो मुंबई में बिश्नोई गैंग के निशाने पर बेरोजगार और सोशल मीडिया पर सक्रिय युवक और पुणे में रास्ते से भटके और छोटे-मोटे अपराध करने वाले युवक हैं। इन शहरों से गिरोह में भर्तियां करने के लिए बिश्नोई गैंग ने अपने कुछ खास गुर्गों को जिम्मेदारी सौंपी है। जांच एजेंसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बिश्नोई गैंग में अब तक शामिल गुर्गों की जानकारी उनके पास है, लेकिन प्रदेश में की जा रही नई भर्तियों की जानकारी उनके पास फिलहाल नहीं है। इसलिए सोशल मीडिया पर नजर रखकर भर्तियों को रोकने के लिए कार्रवाई भी की जा रही है।
दोनों शहर बिश्नोई गैंग के एपिसेंटर
एक अन्य अधिकारी के अनुसार, मुंबई देश की आर्थिक राजधानी है। जो फिल्मों का केंद्र भी है। यहां दहशत फैलाकर बिश्नोई गिरोह कारोबारियों में खौफ बनाना चाहता है। जबकि पुणे में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। ऐसे में स्थानीय आपराधिक तत्व जमीन पर कब्जा करके पैसे वसूलने का काम करने लगते हैं। इसी कारण वहां कई छोटे-छोटे गिरोह खड़े हो गए हैं। इन हालातों में पुणे के आपराधिक तत्व के लोग लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ने लगे हैं। इसके चलते मुंबई और पुणे बिश्नोई गैंग का एपिसेंटर बनने की ओर है।
बड़ी वारदातों में पुणे कनेक्शन
पंजाबी गायक सिद्धू मुसेवाला की हत्या में करने वालों में पुणे का रहने वाला सौरभ महाकाल भी शामिल था। इतना ही नहीं, पिछले साल राकांपा (अजित) नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या में भी पुणे के 6 युवकों को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया था। इतना ही नहीं, सलमान के घर फायरिंग के मामले में भी पुणे के आरोपियों का समावेश है।
Created On :   17 April 2025 9:13 PM IST