श्री गुरु गोविंद सिंह महाराज के आदर्श आज भी प्रासंगिक

मप्र विधानसभा अध्यक्ष भी हुए शामिल श्री गुरु गोविंद सिंह महाराज के आदर्श आज भी प्रासंगिक


डिजिटल डेस्क जबलपुर। श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज को मैं ईश्वर का अवतार मानता हूँ, उन्होंने देश, धर्म, भारतीय संस्कृति और पीडि़त मानवता के लिए अन्याय, अत्याचार के खिलाफ संघर्ष किया। वे सदैव अजेय हैं, अमर हैं। उनके आदर्श और बताए गए मार्ग आज भी प्रासंगिक हैं। उक्त विचार मप्र विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के प्रकाशोत्सव के अवसर पर व्यक्त किए। वे गुरुद्वारा प्रेमनगर, मदन महल मैदान में आयोजित गुरु गोविंद सिंह जयंती समारोह में बोल रहे थे। पूर्व वित्त मंत्री तरुण भनोत, पार्षद निशा राठौर, लवलीन काके आनंद, नरेंद्र सिंह पांधे, मनोहर सिंह रील सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुरु घर में हाजिरी भरने पहुँचे।
विधानसभा अध्यक्ष ने की सेवा
विधानसभा अध्यक्ष श्री गौतम ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेका और प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने बर्तन साफ कर सेवा भी की। इस मौके पर गुरु सिंह सभा सदर के प्रधान नक्षत्र सिंह एवं प्रभजोत सिंह ने श्री गौतम को शॉल एवं सिरोपा प्रदान कर सम्मानित किया।
गुरु के बताए पदचिन्हों पर चलें
दरबार साहिब श्री अमृतसर पंजाब के हजूरी रागी जत्था भाई जगतार सिंह एवं साथियों ने वीर रस से ओतप्रोत गुरवाणी शबद कीर्तन पेश किए। कथा वाचक ज्ञानी हरबन सिंह ने कहा कि जब हम श्री गुरु ग्रंथ साहिब, गीता और गुरु के आदर्शों का परिपालन करेंगे तभी हमारे द्वारा मनाए गए गुरुपर्व सार्थक होंगे। इस दौरान अखंड कीर्तनी जत्था एवं स्त्री सत्संग सहित विभिन्न जत्थों ने भी गुरवाणी शबद कीर्तन एवं बधाई गीत पेश किए। विश्व शांति की विशेष अरदास प्रार्थना के बाद कड़ाह प्रसाद वितरित किया गया। दिनभर गुरु का लंगर चलता रहा। कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र सिंह छाबड़ा एवं आभार प्रभजोत सिंह ने जताया।
80 यूनिट रक्त का किया संग्रह
प्रकाशोत्सव पर कौर द क्वीन ग्रुप द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें मप्र, छग के नगर अध्यक्ष अजीत सिंह सीटू सहित करीब 80 लोगों ने पीडि़त मानवता की सेवा के लिए रक्तदान किया। अनेक स्थानों पर फल, मिष्ठान्न एवं विभिन्न सेवा स्टॉल लगाकर सेवा की गई। गुरुद्वारों को जहाँ आकर्षक रोशनी से सजाया गया, वहीं घरों में दीपमाला भी की गई।
यहाँ भी सजा कीर्तन दरबार
नव वर्ष के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा मढ़ाताल, ग्वारीघाट एवं गुरुद्वारा गोरखपुर में विशेष कीर्तन दरबार आयोजित किए गए। इसमें रागी जत्था भाई नरेंद्र सिंह, भाई रछपाल सिंह ने गुरवाणी कीर्तन प्रस्तुत कर साध संगत को निहाल किया।

Created On :   1 Jan 2023 11:12 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story