- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- आजमी ने कांग्रेस को बताया ‘वोट...
आजमी ने कांग्रेस को बताया ‘वोट कटवा’, मनसे के दोस्त गंठबंधन को सबक सिखाएंगे उत्तरभारतीय

डिजिटल डेस्क, मुंबई। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विधायक अबू आसिम आजमी ने कांग्रेस पार्टी को वोट कटवा बताते हुए कहा कि कांग्रेस अब उत्तरभारतीयों पर अत्याचार करने वाली मनसे के भरोसे चुनाव लड़ रही है। उन्होंने कहा कि मनसे का साथ लेने वाली कांग्रेस को इसका खामियाजा भुगतना होगा। बुधवार को मुंबई मराठी पत्रकार संघ में पत्रकारों से बातचीत में आजमी ने कहा कि हम महाराष्ट्र में धर्मनिरपेक्ष वोटों का बंटवारा रोकने के लिए कांग्रेस-राकांपा के साथ गठबंधन करना चाहते थे लेकिन कांग्रेस इसके लिए तैयार नहीं हुए। अब वे हमें वोट कटवा कह रहे हैं, जबकि कांग्रेस की हालत उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल व केरल में वोट कटवा जैसी ही है। आजमी ने आरोप लगाया कि सपा-बसपा गठबंधन महाराष्ट्र में एक विकल्प बनना चाहता है। क्योंकि कांग्रेस हमेशा से मुस्लिमों की दुश्मन रही है। उन्होंने कहा कि उत्तरभारतीयों पर घोर अत्याचार करने वाली मनसे अब कांग्रेस की दोस्त हो गई है। कांग्रेस के शासनकाल में ही राज ठाकरे को बढ़ावा दिया गया। उन्होंने कहा कि उत्तरभारतीय कांग्रेस-राकांपा को सबक सिखाएंगे। उत्तरभारतीय मनसे कार्यकर्ताओं के अत्याचार को भूल नहीं सकते।
Created On :   24 April 2019 11:12 PM IST