- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- मनपा ने तैयार किया मोबाइल एप , एक...
मनपा ने तैयार किया मोबाइल एप , एक क्लिक पर मिलेगी प्रापर्टी टैक्स की जानकारी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। प्रापर्टी टैक्स वसूल करने के लिए कर संग्राहकों को फाइलों का गट्ठा लेकर घूमने की झंझट नहीं रहेगी। एक क्लिक पर उन्हें किसी भी संपत्ति के कर का ब्योरा मिल सकेगा। मनपा ने एक ऐसा मोबाइल एप तैयार किया है, जिससे कर संग्राहक को संपत्ति के कर का संपूर्ण ब्योरा मिलेगा। इस तरह का अत्याधुनिक मोबाइल एप तैयार करने वाली नागपुर महानगरपालिक संभवत: देश की पहली मनपा है।
टैक्स मॉनिटरिंग सिस्टम से हुआ संभव
संपत्ति कर विभाग प्रमुख सहायक आयुक्त मिलिंद मेश्राम ने बताया कि टैक्स मॉनिटरिंग सिस्टम से यह संभव हुआ है। मोबाइल एप के माध्यम से एक क्लिक पर संपत्ति का संपूर्ण ब्योरा प्राप्त किया जा सकेगा। मॉर्स टेलीकॉम लिमिटेड कंपनी ने इसे तैयार किया है। यह एक जीआईएस बेस्ट एप्लिकेशन है। इसे लॉगिन करने पर संपत्ति धारक के मकान का कर, बकाया, संपत्ति का वर्तमान में किया जा रहा इस्तेमाल, विभाग के रिकार्ड में दर्ज संपूर्ण जानकारी मिल सकेगी। बहुमंजिला इमारतों की जानकारी भी तत्काल प्राप्त की जा सकेगी। कर्मचारी जैसे ही लॉगिन करेगा, संपत्ति कर विभाग को पता चल जाएगा।
लाल रंग बकाया, हरा रंग दर्शाएगा चुकाया
टैक्स मॉनिटरिंग सिस्टम में संपत्ति कर की जानकारी अलग-अलग रंग में दर्शाई जाएगी। कर बकायादार की जानकारी सिस्टम लाल रंग में दर्शाएगा। वहीं जिस संपत्तिधारक ने कर चुका दिया है, उसकी जानकारी हरे रंग में दर्शाएगा। जिस संपत्ति का कर निर्धारण नहीं िकया गया है, उसकी भी जानकारी इस एप्लिकेशन के माध्यम से प्राप्त हो सकेगी। िनवासी, गैरनिवासी तथा व्यावसायिक संपत्ति की जानकारी अलग-अलग रंग में नजर आएगी।
शहर में 6 लाख 50 हजार संपत्ति
महानगरपालिक क्षेत्र में 6 लाख 50 हजार संपत्ति है। 5 लाख 78 हजार संपत्ति की जानकारी मोबाइल एप में अपलोड की जा चुकी है। शेष संपत्ति की जानकारी अपलोड करने का काम जारी है। संपत्ति कर विभाग ने शहर को 77 वार्डों में विभाजीत किया है। संबंधित वार्ड के कर संग्राहकों को इस एप के माध्यम से कर विभाग से जोड़ा जाएगा। उन्हें यूजर आईडी और पासवर्ड दिया जाएगा। इसके माध्यम से एंड्राइड मोबाइल पर कर संग्राहकों को संपत्तिकर की संपूर्ण जानकारी उपलब्ध हो सकेगी।
Created On :   7 Nov 2019 1:02 PM IST