- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- बर्न व स्किन बैंक के लिए नागपुर...
Nagpur News: बर्न व स्किन बैंक के लिए नागपुर मेडिकल हास्पिटल तैयार कर रहा 58 करोड़ का प्रस्ताव

- धुरखेड़ा विस्फोट के बाद खुली नींद
- बरसों से सो रहा था प्रशासन
Nagpur News उमरेड के धुरखेड़ा स्थित एमएमपी कंपनी में हुए विस्फोट के बाद सरकार की नींद खुली है। विस्फोट में घायल मरीजों को शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय व अस्पताल (मेडिकल) में उपचारार्थ भर्ती किया गया था। घटना के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भेंट दी थी। मेडिकल में उपलब्ध चिकित्सा सेवा व संसाधनों की जानकारी ली। घटना को लेकर चिंता व्यक्त की। मुख्यमंत्री को इस बात का पता चला कि 70 साल पुराने मेडिकल में झुलसे मरीजों के लिए स्किन बैंक ही नहीं है। उस समय उन्होंने मेडिकल के अधिकारियों को स्किन बैंक तैयार करने प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया था। मुख्यमंत्री ने इस बात पर आश्चर्य व्यक्त किया कि उपराजधानी बनाम मेडिकल हब में स्किन बैंक नहीं है। उसी समय जिलाधिकारी डॉ. विपिन इटनकर को स्किन बैंक बनाने के लिए तत्काल प्रयास के निर्देश दिये।
2 प्रस्ताव : एक 8 करोड़ व दूसरा 50 करोड़ का : मेडिकल के अधिष्ठाता डॉ. राज गजभिये ने पत्रकारों को बताया कि मेडिकल प्रशासन द्वारा स्किन बैंक के लिए दो प्रस्ताव तैयार किये जा रहे हैं। एक प्रस्ताव 8 करोड़ रुपए का है। इसकी मंजूरी जिला स्तर पर मिल सकती है। दूसरा प्रस्ताव चिकित्सा शिक्षा व संशोधन विभाग द्वारा मंजूरी के लिए तैयार किया जा रहा है। यह 50 करोड़ रुपए का प्रस्ताव है। यह प्रस्ताव बर्न वार्ड और स्किन बैंक के लिए एकत्रित प्रस्ताव है।
दान कर्ता नाममात्र, व्यवस्थापन मुश्किल : 2014 में ऑरेंज सिटी हॉस्पिटल एंड रिसर्च इन्स्टिट्यूट में नागपुर की पहली स्किन बैंक तैयार की गई थी। यह देश की चौथी स्किन बैंक थी। विदर्भ व मध्य भारत के लिए यह स्किन बैंक महत्वपूर्ण थी। कोरोनाकाल 2019 में इसे बंद कर दिया गया। इसका व्यवस्थापन खर्च अधिक व दान करनेवाले न के बराबर होने से यह स्किन बैंक चला पाना मुश्किल हो गया था। यहां के सारे उपकरण मेडिकल में स्थानांतरित किये गए थे। लेकिन मेडिकल में यह बैंक शुरू नहीं हो पायी। प्लास्टिक सर्जरी विभाग प्रमुख डॉ. सुरेंद्र पाटिल के अनुसार स्किन बैंक का होना मेडिकल के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी। अधिष्ठाता डॉ. राज गजभिये ने इसके लिए सकारात्मकता दिखाई है। इसलिए इस काम को गति मिली है। गंभीर रूप से झूलसे मरीजों के लिए स्किन बैंक वरदान साबित होती है। दान की गई स्किन मरीजों के लिए जैविक कवच का काम करती है।
Created On :   23 April 2025 12:10 PM IST