कैसे रुकेंगी दुर्घटनाएं - कागजाें तक सीमित है आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस

डिजिटल डेस्क, नागपुर. सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण करने के लिए आर्टिफिशियल इंटलिजेंस तकनीक का इस्तेमाल शुरू किया जाना था। पायलट प्रोजेक्ट के लिए नागपुर का चयन किया गया। इस पायलट प्रोजेक्ट के परिणामों का विश्लेषण करने के बाद सड़क परिवहन को अधिक सुरक्षित करने के लिए देशभर में यह तकनीक लागू करने की योजना थी। आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत केंद्रीय विज्ञान व प्राैद्योगिकी मंत्रालय द्वारा मई 2022 में पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने की घोषणा की गई थी। चौंकाने वाली बात यह है कि घोषणा के बाद से अब तक यह प्रकल्प शुरू ही नहीं हुआ है। नागपुर में पायलट प्रोजेक्ट शुरू होने की जानकारी न तो प्रादेशिक परिवहन विभाग को है, न ही यातायात पुलिस को।
कई सुविधाएं मिलेंगी : आर्टिफिशियल इंटलिजेंस तकनीक का इस्तेमाल सड़क पर खतरों को भांपने, दुर्घटना के प्रति वाहन चालक को समय पर सचेत करने, सड़क सुरक्षा के लिए विविध स्तर पर सुधार करने के लिए किया जाता है। इस तकनीक में प्रौद्योगिकी व अभियांत्रिकी के जरिए सड़क सुरक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्तापूर्ण उपाययोजना (आइआरएएसटीई) का उपयोग कर वाहन चालकों को सड़क दुर्घटना से पूर्व ही सचेत किया जाता है। एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (एडीएएसआई) के जरिए वाहन चालकों को जानकारी मुहैया कराई जाती है। इस प्रकल्प के तहत सभी मार्गों का विश्लेषण कर सड़कों के खराब हिस्सों का ढूंढ़ना, सड़क से संबंधित मूलभूत सुविधाओं में सुधार करना, दुर्घटना संभावित स्थलों को चिन्हांकित करना जरूरी है। प्रकल्प अमल में लाने की घोषणा तो हुई, लेकिन यह प्रकल्प केवल कागजों तक सीमित होकर रह गया है।
ब्लैक स्पॉट से मुक्त नहीं करा सके
डॉ. चंद्रशेखर मोहिते, सदस्य, सांसद सड़क सुरक्षा समिति के मुताबिक सड़क दुर्घटनाओं के मामले में नागपुर शहर राज्य में तीसरे क्रमांक पर है। नागपुर जिले में 85 से अधिक ब्लैक स्पॉट हैं। विगत 3 वर्ष से ब्लैक स्पॉट को खत्म करने के प्रयास शुरू है। बावजूद इसके शहर को अब तक ब्लैक स्पॉट से मुक्ति नहीं मिल सकी। सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण स्थापित करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है। अब तक यह पायलट प्रोजेक्ट नागपुर में शुरू ही नहीं हुआ है। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए किए जा रहे इंतजाम नाकाफी है।
Created On :   20 Feb 2023 7:23 PM IST