आगरा में छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय केंद्र बनाएगी सरकार

डिजिटल डेस्क, मुबई। महाराष्ट्र सरकार छत्रपति शिवाजी महाराज का 350 वां शिव राज्याभिषेक समारोह भव्य तरीके से मनाएगी। रायगड किले पर 1 और 2 जून को शिव राज्याभिषेक समारोह आयोजित किया जाएगा। राज्य के हर जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं उत्तर प्रदेश के आगरा के किले में छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय केंद्र बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शनिवार को यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में शिव राज्याभिषेक समारोह के बारे में समीक्षा बैठक हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि समारोह के दिन लोगों को म्हाड से पाचाड के बीच मुफ्त बस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। इस मौके पर राज्य के हर जिले में सांस्कृतिक कार्यक्रम, पोवाडा, राज्य के प्रमुख किलों पर शिव वंदना और जाणता राजा नाटक का मंचन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि शिव राज्याभिषेक समारोह के तहत राज्य में छत्रपति शिवाजी महाराज राष्ट्रीय अध्ययन केंद्र बनाने की योजना है। राज्य में गैर-कृषि विश्वविद्यालय स्तर पर छत्रपति शिवाजी महाराज अध्ययन केंद्र और विशेषज्ञ समिति के माध्यम से छत्रपति शिवाजी महाराज से जुड़े साहित्य का डिजिटाइजेशन किया जाएगा।
20 अध्ययन केंद्रों का होगा चयन
मुख्यमंत्री ने कहा कि सांस्कृतिक कार्य विभाग के प्रस्ताव के अनुसार देश भर में शिवाजी महाराज और मराठा साम्राज्य से जुड़े 20 अध्ययन केंद्रों का चयन किया जाएगा। इसमें दिल्ली, उदयपुर, भोपाल, अहमदाबाद, गुवाहटी, पटना, अमतृसर, पणजी, दमनदीव, अंडमान, बेलगांव, बड़ौदा, श्रीशैलम, दार्जिलिंग, कोलकाता, पानीपत, भुवनेश्वर, लद्दाख, विजयपुरा, अमृतसर और पणजी के स्थल प्रस्तावित हैं।
Created On :   30 April 2023 5:32 PM IST