जल संरक्षण और प्रबंधन में जुटी गढ़मऊ की जल सखी अनीता होंगी राष्ट्रपति से सम्मानित

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। मोहखेड़ ब्लॉक के गढ़मऊ की रहने वाली अनीता चौधरी 4 मार्च को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु से सम्मान पाने वाली हैं। देश के जल शक्ति मंत्रालय ने उन्हें स्वच्छ सुजल शक्ति सम्मान 2023 के लिए चयनित किया है। यह सम्मान पाने वाली वे मध्यप्रदेश की एक मात्र महिला होंगी। यह सम्मान उन्हें जल जीवन मिशन के तहत जल सखी के तौर पर कार्य करते हुए अपने गांव में लोगों को पानी का महत्व बताने, अपव्यय के प्रति लोगों को जागरुक करने, घरों घर नल कलेक्शन लेने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित करने के साथ जल कर की शत प्रतिशत वसूली करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करने पर दिया जा रहा है।
ऐसे सम्मान की हकदार बनी अनीता
1. गांव में समूह जलप्रदाय योजना के प्रांरभ से ही अनीता चौधरी ग्राम जल व स्वच्छता तदर्थ समिति की सदस्य हैं। वे जिम्मेदारी के साथ मासिक बैठकों में उपस्थिति देती हैं। बैठक में जल कर के आय-व्यय जानकारी भी रखती हैं। गांव की महिलाओं को जल संरक्षण के लिए लगातार जागरुक करती हैं।
2. अनीता सृष्टि स्व सहायता समूह की सदस्य हैं। जल सखी के रूप में भी कार्य करते हुए उन्होंने राजस्व वसूली के चुनौतीपूर्ण कार्य को बखूबी निभाया और गांव में 100 प्रतिशत जल कर वसूली का कार्य किया है।
3. उन्होंने गांव में हर घर में नल कनेक्शन के लिए लोगों को प्रेरित किया। उनके इस प्रयास से ग्राम गढ़मऊ हर घर जल ग्राम घोषित है।
4. पानी की शुद्धता की जांच करने का प्रशिक्षण लेकर गांव में पानी की समय समय पर जांच कर लोगों को अवगत कराती हैं। जांच के लिए अन्य लोगों को भी प्रशिक्षित कर रही हैं।
5. वे महिलाओं के बीच जाकर उन्हें पानी का महत्व बताते हुए कम खर्च के लिए प्रेरित करती हैं। उन्हें बताती हैं कि घरेलू खर्च में कैसे पानी को बचाया जा सकता है।
Created On :   28 Feb 2023 11:26 PM IST