उपाध्यक्ष पद पर भाजपा उम्मीदवार हुए निर्वाचित,परिणाम सामने आते ही कांग्रेसियों ने मनाया उत्सव

Elected BJP candidate for the post of Vice President
उपाध्यक्ष पद पर भाजपा उम्मीदवार हुए निर्वाचित,परिणाम सामने आते ही कांग्रेसियों ने मनाया उत्सव
शहडोल नगर पालिका में 23 साल बाद कांग्रेस की वापसी उपाध्यक्ष पद पर भाजपा उम्मीदवार हुए निर्वाचित,परिणाम सामने आते ही कांग्रेसियों ने मनाया उत्सव

डिजिटल डेस्क,शहडोल। नगर पालिका शहडोल के लिए हुए अध्यक्ष चुनाव में 23 साल बाद कांग्रेस की वापसी हुई। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में हुए अध्यक्ष चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम जायसवाल ने 21 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। वहीं 18 मत प्राप्त कर भाजपा उम्मीदवार प्रकाश सोनी को हार का सामना करना पड़ा। नगर पालिका में इससे पहले चार जनवरी 1995 से 31 दिसंबर 1999 तक कांग्रेस पार्टी के दुर्गा यादव अध्यक्ष रहे। इसके बाद लगातार चार कार्यकाल में भाजपा के अध्यक्ष निर्वाचित हुए।

इधर, शुक्रवार दोपहर कलेक्ट्रेट में कांग्रेस अध्यक्ष की जीत की सूचना जैसे ही परिसर पर बाहर खड़े कार्यकर्ताओं तक पहुंची तो वे खुशी से झूम उठे। आपस में मिठाईयां बांटी, पटाखे फोड़े और उत्सव मनाया। कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में दोपहर में हुए उपाध्यक्ष चुनाव में भाजपा उम्मीदवार प्रवीण शर्मा डोली ने 22 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की, यहां कांग्रेस उम्मीदवार कुंदन पांडेय को 17 मत प्राप्त कर हार का सामना करना पड़ा। 

अध्यक्ष कार्यकाल पर एक नजर

अध्यक्ष                 पार्टी                       कार्यकाल
दुर्गा यादव            कांग्रेस          4/1/1995 से 31/12/1999
महेंद्र सराफ         भाजपा          1/1/2000 से 11/01/2005
सत्यभामा गुप्ता     भाजपा        12/1/2005 से 01/01/2010
प्रकाश जगवानी     भाजपा         06/08/2012 से 05/08/2017
उर्मिला कटारे        भाजपा         06/09/2017 से 05/09/2022

शहर की जनता की जीत- शहडोल नगर पालिका में कांग्रेस की जीत पर जिलाध्यक्ष सुभाष गुप्ता ने कहा कि यह शहडोल शहर की सवा लाख जनता की जीत है। वहीं नव निर्वाचित अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल ने कहा कि आगे अब पूरी कोशिश होगी लोगों की मूलभूत सुविधाओं की पूर्ति हो। 

ऐसे समझें जीत हार का गणित

> 39 वार्ड के शहडोल नगर पालिका में भाजपा के 18, कांग्रेस के 12 और 9 निर्दलीय पार्षद चुनकर आए। जीत के लिए 20 मत का जादुई आंकड़ा प्राप्त करना था। 

> अध्यक्ष चुनाव से पहले तक भाजपा नेता 25 मत प्राप्त कर जीत के दावे कर रहे थे, लेकिन अध्यक्ष चुनाव में भाजपा उम्मीदवार प्रकाश सोनी को 18 मत प्राप्त कर हार का सामना करना पड़ा तो उपाध्यक्ष चुनाव में भाजपा उम्मीदवार प्रवीण शर्मा डोली ने 22 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। 

> कांग्रेस पार्टी के 12 पार्षदों की जीत के बाद अध्यक्ष के लिए 20 की संख्या जुटाना आसान नहीं था, लेकिन अध्यक्ष में कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम जायसवाल द्वारा 21 मत प्राप्त जीत की सूचना बाहर आते ही सबसे ज्यादा आश्चर्य का भाव भाजपा खेमे में रहा। उपाध्यक्ष चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार कुंदन पांडेय को 17 मत ही प्राप्त हुए। 

कलेक्ट्रेट परिसर पर उपाध्यक्ष चुनाव से पहले नव निर्वाचित अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल और उपाध्यक्ष प्रवीण शर्मा डोली चर्चा करते हुए। 

नगरपालिका शहडोल में अध्यक्ष पद पर कांग्रेस की जीत की घोषणा के साथ ही उत्सव मनाते कांग्रेस कार्यकर्ता।
उपाध्यक्ष पद पर भाजपा उम्मीदवार प्रवीण शर्मा डोली की जीत के बाद शहर में निकाला गया जुलूस।
और निशाना चूक गया तस्वीर बांधवगढ़ स्थित रिसॉर्ट में अध्यक्ष चुनाव से पहले की रात की है। जिसमें भाजपा जिलाध्यक्ष कमल प्रताप सिंह बिलियर्ड खेलते हुए बाल पर निशाना लगा रहे हैं। समीप में महिला वित्त विकास निगम अध्यक्ष केबीनेट मंत्री दर्जा अमिता चपरा खड़ी हैं। भाजपा ने रिसॉर्ट में सभी पार्षदों को ले जाकर रायशुमारी की थी। इधर शुक्रवार को आए अध्यक्ष परिणाम के बाद अब चर्चा यही है कि शायद जिलाध्यक्ष का निशाना चूक गया। 

तस्वीर सौहार्द की

अध्यक्ष चुनाव में कांग्रेस पार्टी की जीत की घोषणा के साथ ही कांग्रेस नेता रविंद्र तिवारी को कार्यकर्ताओं ने घेर लिया। माला पहनाकर जयकारे लगाए। इसके साथ ही वे परिसर पर खड़े सभी पार्टी के लोगों से सौहार्द मुलाकात करते हुए भाजपाजनों के पास पहुंचे। तस्वीर में उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष कमल प्रताप सिंह, विधायक जयसिंह मरावी, महिला वित्त विकास निगम अध्यक्ष अमिता चपरा सहित भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

परिणाम जानने की उत्सुकता

कलेक्ट्रेट परिसर में शुक्रवार को सुबह से ही शहर से लोगों के आने का सिलसिला प्रारंभ हो गया। यहां पहुंचे ज्यादातर लोग थोड़ी-थोड़ी देर में आपस में खड़े लोगों से यही पूछ रहे थे कि परिणाम क्या निकला। अंदर शहडोल नगरपालिका में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया चल रही थी, इस बीच बाहर खड़े लोग भाजपा और कांग्रेस की जीत के कयास भी लगा रहे थे। इस दौरान कई लोग फोन पर भी परिचितों को परिणाम की जानकारी से अपडेट कर रहे थे।
 

Created On :   15 Oct 2022 10:03 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story