सुबह साढे 10 बजे तक रहा घना कोहरा, दृश्यता रही सिर्फ 50 मीटर

5-6 जनवरी को गिर सकता है माठवा सुबह साढे 10 बजे तक रहा घना कोहरा, दृश्यता रही सिर्फ 50 मीटर

डिजिटल डेस्क जबलपुर। नए साल के दूसरे दिन की शुरूवात घने कोहरे से हुई। कोहरा इतना घना था कि मार्ग की दृश्यता सिर्फ 50 मीटर की थी। उस दृश्यता के बाद कुछ भी नजर नहीं आ रहा था। सड़कों पर वाहन चलना मुश्किल हो रहा था। लोग वाहनों की हेड लाइट ऑन कर सड़क पर चलने मजबूर हुए। मौसम विभाग की माने तो ये स्थिति सुबह तकरीबन साढे 10 बजे तक बनी रही। उसके बाद सूरज देवता के दर्शन हुए।
मौसम विभाग के सहायक वैज्ञानिक मयंक पांडे के अनुसार कोहरे की वजह दो दिन पहले एक छोटे पश्चिमी विक्षोभ का जबलपुर के ऊपर से होकर गुजरना है। ये विक्षोभ उत्तर की तरफ गया है,इसलिए उत्तर-पूर्व से आ रही 3 से 4 किमी प्रति घंटे की ठंडी हवाओं के कारण शहर के तापमान में भी गिरावट दर्ज हुई है। सोमवार को जिले का न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री कम, 8.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। वहीं अधिकतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस रहा, ये तापमान भी सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम रहा। आद्रता का प्रतिशत 90 रिकार्ड हुआ। मौसम विभाग ने आगे संभाग के जिलों में हल्के से मध्यम कोहरा रहने की संभावना जताई है। प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान दतिया में 5.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ।
माठवा गिरने के आसार-
मौसम विभाग के मुताबिक आगामी 5-6 जनवरी को माठवा भी गिर सकता है। इसका प्रवेश जबलपुर में ही होगा। पानी गिरने की संभावना भी जताई गई है,इस दौरान तापमान में तेजी से गिरावट आएगी।

 

Created On :   2 Jan 2023 9:04 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story