ड्यूटी पर तैनात सीओडी सुरक्षा कर्मी ने खुद को मारी गोली, हालत नाजुक

डिजिटल डेस्क जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र स्थित केंद्रीय आयुध भंडार-सीओडी में ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मी लांस नायक 31 वर्षीय दीपेश कुमार यादव ने मंगलवार की सुबह 5 बजे खुद को गोली मार ली। इंसास गन से निकली गोली सुरक्षा कर्मी के गले में लगी और वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा। गोली की आवाज सुनकर साथी कर्मी मौके पर पहुँचे और अधिकारियों को घटना की सूचना दी। अफरा-तफरी के बीच घायल को इलाज के लिए मेडिकल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची रांझी पुलिस मामले की जाँच में जुटी है।
टीआई सहदेव राम साहू ने बताया कि सीओडी में लांस नायक दीपेश यादव निवासी बिलासपुर सुरक्षा गार्ड के पद पर पदस्थ था। उसकी ड्यूटी फैक्ट्री की क्यूआरटी बैरक में लगी थी। ड्यूटी के दौरान सुबह 5 बजे के करीब सुरक्षा कर्मी ने इंसास गन से गले में गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर आसपास मौजूद अन्य कर्मी दहशत में आ गए। कुछ ही देर में स्थिति सामान्य होने पर साथी कर्मियों ने देखा कि दीपेश यादव खून से लथपथ जमीन पर पड़ा है। समीप ही सर्विस इंसास गन पड़ी हुई थी। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुँचे अधिकारियों ने आनन-फानन में घायल सुरक्षा कर्मी को एक िमलिट्री अस्पताल पहुँचाया, वहाँ से उसे मेडिकल रेफर किया गया। फैक्ट्री प्रबंधन से मिली सूचना के आधार पर रांझी पुलिस मामला दर्ज कर घटना के कारणों का पता लगाने जाँच शुरू की है।
15 दिसम्बर को लौटा था घर से
जाँच के दौरान साथी कर्मियों ने पुलिस को बताया कि दीपेश पिछले माह अवकाश पर अपने घर गया था। वह 15 दिसम्बर को छुट्टी से लौटा था और उसके बाद ड्यूटी कर रहा था। यहाँ वह फैक्ट्री क्वार्टर में अकेला रहता था। पुलिस साथियों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
परिजनों को दी घटना की सूचना अलसुबह हुई घटना को लेकर साथी कर्मी स्तब्ध हैं और उन्हें घटना पर यकीन नहीं हो रहा है। वहीं फैक्ट्री सुरक्षा अधिकारियों द्वारा दीपेश के परिजनों को सूचना दी गई है। जानकारों के अनुसार सूचना पाकर परिजन जबलपुर के लिए रवाना हो गए हैं।
Created On :   17 Jan 2023 11:13 PM IST