- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- Yavatmal
- /
- 2 नक्सली गिरफ्तार- पुलिस विभाग के...
2 नक्सली गिरफ्तार- पुलिस विभाग के विशेष अभियान दल को मिली सफलता

डिजिटल डेस्क, गड़चिरोली. जिला पुलिस विभाग के विशेष अभियान दल (सी-60) के जवानों ने 7 अक्टूबर को नक्सल खोज मुहिम के दौरान दो नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार दोनों नक्सलियों पर राज्य सरकार ने 10 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था। जिले के उत्तरी छोर पर कमजोर पड़ रहे नक्सल आंदोलन को मजबूती प्रदान करने रेकी करने के इरादे से दोनों नक्सली धानोरा तहसील के सावरगांव जंगल क्षेत्र में पहुंचे थे। तभी सुरक्षाबलों ने योजना बनाते हुए उन्हें धर-दबोचा। यह जानकारी जिला पुलिस अधीक्षक अंकित गोयल ने शनिवार को आयोजित पत्र-परिषद में दी। गिरफ्तार नक्सलियों में धानोरा तहसील के मोरचुल गांव निवासी 8 लाख रुपए इनामी सनिराम उर्फ शंकर उर्फ क्रिष्णा शामलाल नरोटे (24) और इसी गांव निवासी 2 लाख रुपए इनामी समुराम उर्फ घसेन नरोटे (22) का समावेश है। पुलिस अधीक्षक गोयल ने बताया कि, गड़चिरोली जिले के उत्तरी इलाकों में नक्सल आंदोलन पूरी तरह कमजोर हो गया है। नक्सलियों के वरिष्ठ कैडर के आदेश पर गिरफ्तार दोनों नक्सली अपनी पैठ जमाने के लिए इस इलाके में पहुंचे थे।
Created On :   8 Oct 2022 9:21 PM IST